लाइव खगड़िया : खगड़िया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जाता है कि धमकी कोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी को ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।

ई-मेल से मिली धमाके की चेतावनी
चर्चाएं है कि व्यवहार न्यायालय के एक सीनियर अधिकारी की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक संदेश प्राप्त हुआ। इस मेल में दावा किया गया था कि कोर्ट परिसर में बम रखा गया है और इसे उड़ा दिया जाएगा। ई-मेल की सूचना मिलते ही न्यायिक पदाधिकारियों और वकीलों के बीच हड़कंप मच गया।

सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा
धमकी की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते (BDDS) को तुरंत मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा कारणों से पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया है और सभी प्रवेश द्वारों पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
- सर्च ऑपरेशन: पुलिस और बम निरोधक दस्ता चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रहा है।
- वर्तमान स्थिति: अब तक की जांच में परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

अधिकारियों का बयान
मौके पर पहुंचे सदर SDPO मुकुल कुमार रंजन ने बताया:
”पुलिस को कोर्ट परिसर में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना मिली थी। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते को बुलाकर गहन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।”
इधर कई अधिवक्ताओं ने पुष्टि की है कि कोर्ट के एक बड़े पद पर आसीन अधिकारी को धमकी भरा मेल मिला है। जिसके बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कोर्ट परिसर की गहन तलाशी की जा रही है।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
