मुख्य सामग्री पर जाएं
महेशखुंट

25 हजार का इनामी कुख्यात दरभंगा से गिरफ्तार

IMG 20260309 105221

लाइव खगड़िया : जिले के पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस, डीआईयू (DIU) टीम और एसटीएफ (STF-SOG-03) पटना की संयुक्त कार्रवाई में 25,000 रुपये के कुख्यात इनामी अपराधी निशांत सिंह उर्फ सूर्य प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे दरभंगा जिले के लहरिया सराय स्टेशन से दबोचा।

लंबे समय से था फरार

खगड़िया पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के निर्देशानुसार वांछित और फरार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष छापामारी अभियान के तहत यह गिरफ्तारी हुई है। निशांत सिंह जिले के महेशखूँट थाना कांड संख्या 138/25 में वांछित था और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।

संगीन अपराधों का लंबा इतिहास

25 वर्षीय निशांत सिंह (महेशखूँट थाना क्षेत्र के पतला गाँव का निवासी) का आपराधिक इतिहास काफी पुराना और डरावना रहा है। उस पर महेशखूँट और अन्य थानों में हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी, अपहरण, छेड़खानी और आर्म्स एक्ट जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ अब तक लगभग 25 आपराधिक मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 2016 से लेकर 2025 तक के विभिन्न संगीन कांड शामिल हैं। पुलिस उसे एक कुख्यात और सक्रिय अपराधी मानती रही है, जिसकी गिरफ्तारी को जिले के लिए एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

पुलिस की इस ऑपरेशन को महेशखूँट थाना पुलिस, खगड़िया की डीआईयू टीम और पटना की एसटीएफ टीम ने मिलकर अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य सहयोगियों और आपराधिक गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

शेयर
error: Content is protected !!