लाइव खगड़िया : क्या आप भी सोशल मीडिया पर अनजान चेहरों से दोस्ती कर रहे हैं? अगर हाँ, तो मुजफ्फरपुर से आई यह खबर आपकी आँखें खोलने के लिए काफी है। यहाँ प्यार, धोखे और पहचान छुपाकर किए गए ‘घिनौने खेल’ का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया के दोस्ती की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फेसबुक पर दोस्ती और फिर ‘हॉरर’ फिल्म जैसी दास्तां
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की रहने वाली एक शादीशुदा महिला को फेसबुक पर ‘समीर राज’ नाम के युवक से दोस्ती करना भारी पड़ गया। 8 साल के मासूम बेटे की माँ को समीर ने अपने प्रेम जाल में फंसाया और 14 फरवरी (वैलेंटाइन डे) को मुजफ्फरपुर बुला लिया।
महिला अपने बेटे के साथ ट्रेन से यहाँ पहुंची, लेकिन उसे क्या पता था कि जिसे वह अपना हमदर्द समझ रही है, वह असल में एक ‘भेड़िया’ है।
यूं खुला पहचान का राज
पीड़िता के अनुसार, समीर उसे कार में लेकर दिन भर घूमता रहा। इसी बीच ड्राइवर ने जो खुलासा किया, उसने महिला के पैरों तले जमीन खिसका दी। ड्राइवर ने बताया कि समीर राज का असली नाम शाहनवाज है और वह पहले से ही शादीशुदा है।
घटनाक्रम की बड़ी बातें:
- बंधक और फिरौती: आरोपी ने महिला को बंधक बनाया और उसके पति से 10 हजार रुपये की मांग भी की।
- दरिंदगी की हद: आरोप है कि शाहनवाज ने महिला के बेटे को ड्राइवर के पास छोड़ दिया और महिला को कमरे में ले जाकर रेप किया। चलती कार में भी उसके साथ हैवानियत की गई।
- बेहोशी और अस्पताल: लगातार भूख, प्यास और प्रताड़ना के कारण महिला बेहोश हो गई। आरोपी उसे अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने की कार्रवाई, सलाखों के पीछे ‘शाहनवाज’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मामले पर मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि 17 फरवरी को महिला SKMCH में बेहोशी की हालत में मिली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शाहनवाज को बखरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। महिला के पति भी मुजफ्फरपुर पहुंच चुके हैं।






