लाइव खगड़िया : मध्य पूर्व (Middle East) में जारी युद्ध और तनावपूर्ण स्थितियों के मद्देनजर बिहार सरकार ने राज्य में ईंधन आपूर्ति को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। बिहार पुलिस मुख्यालय (विशेष शाखा) की ओर से सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को पत्र जारी कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और कालाबाजारी रोकने के लिए कड़े कदम उठाने को कहा गया है।
मुख्य बातें:
- आपूर्ति बाधित होने का डर: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी युद्ध के कारण एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।
- भीड़ और अव्यवस्था की आशंका: पत्र में कहा गया है कि आपूर्ति में कमी की खबर से गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर आम जनता की भारी भीड़ उमड़ सकती है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।
- जमाखोरी पर लगाम: पुलिस को अंदेशा है कि इस स्थिति का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व गैस सिलेंडरों और पेट्रोलियम पदार्थों की अवैध जमाखोरी या कालाबाजारी कर सकते हैं।

प्रशासन को सख्त निर्देश:
पुलिस उप-महानिरीक्षक (विशेष शाखा) द्वारा जारी इस पत्र में जिला प्रशासन को निम्नलिखित निर्देश दिए गए हैं:
- सतत निगरानी: गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों के आसपास पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे।
- कठोर कार्रवाई: जमाखोरी करने वालों और बिचौलियों पर पैनी नजर रखी जाए और नियम विरुद्ध कार्य करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।
- अफवाहों पर रोक: जिला प्रशासन आपूर्ति विभाग के साथ मिलकर जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराए ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या अफवाह न फैले।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
