लाइव खगड़िया : जिले में पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान चौथम थाना पुलिस ने सोमवार को बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कुल 19 किलोग्राम गांजा, दो मोटरसाइकिल, एक मोबाइल और 9,40,550 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गुप्त सूचना पर उसराहा पुल पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के निर्देशानुसार, सदर-01 के अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकुल रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मधेपुरा से महेशखूँट की तरफ मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसराहा पुल पर वाहन चेकिंग शुरू की, जहाँ पंकज कुमार नामक तस्कर को 16 किलो गांजे (अनुमानित कीमत ₹8.10 लाख), एक मोबाइल और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार पंकज कुमार मड़ैया थाना क्षेत्र के बैसा गांव का रहने वाला है।
निशानदेही पर मधेपुरा में छापेमारी, नकद बरामद
पकड़े गए तस्कर पंकज कुमार के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम श्याम में फुलचंद मंडल के घर पर छापेमारी की। यहाँ से पुलिस ने फुलचंद मंडल को गिरफ्तार किया और उसके पास से 03 किलोग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल तथा 9,40,550 रुपये नकद बरामद किए। इस संबंध में ग्वालपाड़ा थाने में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल सदस्य
इस अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक मुकुल रंजन के साथ चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार, पु०अ०नि० मजीद आलम, सोनू कुमार, सन्दु कुमार और स०अ०नि० अभिमन्यु कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। चौथम थाना में इस संबंध में कांड संख्या 71/26 दर्ज किया गया है।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
