Breaking News
IMG 20250330 WA0006

आग लगने से दो मासूम सहोदर भाईयों की दर्दनाक मौत, पिता झुलसे

लाइव खगड़िया : जिले के चौथम प्रखंड अंतर्गत रोहियार पंचायत के वार्ड नंबर सात स्थित हरदिया पार बंगलिया गांव से रविवार को दर्दनाक हादसा सामने आया है. वहां अगलगी की घटना में घर में सोए अवस्था में दो मासूम सहोदर भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई है. इस बीच बेटे को बचाने में पिता भी झुलस गये हैं. जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया. बाद में दमकल की पांच छोटी गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया गया. मृतक रोहियार पंचायत के वार्ड नंबर सात स्थित हरदिया पार बंगलिया गांव निवासी संजय सिंह के पुत्र 5 वर्षीय सन्नी कुमार एवं दो वर्षीय सूरज कुमार बताया जा रहा है. घटना में पिता संजय भी झुलस गये है.

घटना की सूचना के बाद सदर एसडीपीओ और चौथम सीओ रवि राज एवं मानसी थानाध्यक्ष भी पहुंचे. मिली जानकारी के अनुसार आगलगी की घटना में बंगलिया गांव के संजय सिंह और अजय सिंह का दो घर पूरी तरह से जलकर राख हो गया. घटना में लाखों की क्षति का अनुमान है. घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रविवार को अचानक घर में आग लग गई और देखते-देखते आग ने भीषण रूप ले लिया. जब तक ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया जाता, तब तक आग भयानक रूप ले लिया. इस दौरान घर में दो सहोदर भाई सोए हुए थे. सन्नी और सूरज को घर से निकालने के लिए उसका पिता घर के अंदर दौड़े. लेकिन वे अपने बच्चे को नहीं बचा सके. आग ने इतना भयानक रूप ले लिया था कि बच्चे को घर से बाहर नहीं निकाला जा सका और दोनों की दर्दनाक मौत हो गई.

घटना में चार बकरी एक भैंस भी आंशिक रूप से झुलस कर घायल हो गए. साथ ही घर में रखे जेवरात, नगदी, घर का फर्नीचर, कपड़ा, खाने-पीने का सभी समान आदि भी जलकर राख हो गया. घटना में लाखों का नुकसान का अनुमान है. घटना की सूचना पर पक्की सड़क नहीं रहने के कारण भी दमकल की गाड़ियों को घटना स्थल पर पहुंचने में काफी मशक्कत करना पड़ा.‌ मानसी सीओ के निर्देश पर मौके पर चार दमकल की गाड़ियां पहुंची और करीब तीन घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इधर घटना के बाद जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष मिथिलेश यादव घटनास्थल पर पहुंचकर घटना के बारे में विस्तृत जानकारी लिया. जबकि चौथम प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि चंदन सिंह, मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष प्रिंस कुमार भी मौके पर पहुंचे और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजा देने की मांग किया.

इधर चौथम सीओ रवि राज ने बताया कि आगलगी की घटना में दो मासूम की मौत हुई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का प्रक्रिया अपनाई जा रही है.

Check Also

IMG 20250721 WA0009

चार बच्चे लापता, डूबने की आशंका से गांव में मचा है कोहराम

चार बच्चे लापता, डूबने की आशंका से गांव में मचा है कोहराम

error: Content is protected !!