मुख्य सामग्री पर जाएं
Recent

रफ्तार का कहर : ऑटो पलटने से एक यात्री की मौत,तीन घायल




लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) :  जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत अगुवानी-महेशखुंट मुख्य मार्ग पर सिराजपुर दुर्गा मंदिर के निकट रविवार को एक ऑटो के अनियंत्रित  होकर पलट जाने से घटना स्थल पर ही एक ऑटो सवार की मौत हो गई.जबकि दुर्घटना में तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है.

IMG 20181125 WA0001

मिली जानकारी के अनुसार गंभीर रूप से घायलों में से भागलपुर जिले के चिचरौन अकबरनगर निवासी 40 वर्षीय जूही खातून एवं जिले के परबत्ता प्रखंड के मोजाहिदपुर गांव के 8 वर्षीय गुलाब चंद्र को परबत्ता प्राथमिक स्वास्थ्य  केन्द्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया है.जबकि मोजाहिदपुर के ही 25 वर्षीय उमा देवी का इलाज परबत्ता के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में चल रहा है.



दुर्घटना में परबत्ता थाना क्षेत्र के रुपौहली गांव निवासी बाबू जान का 25 वर्षीय पुत्र शाहीद खान की मौत मौके पर ही हो गई.बताया जाता है कि वे ऑटो से अपनी मौसी को छोड़ने भागलपुर जिले के चिचरौन अकबरनगर जा रहे थे.घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मच गया.खून से लथपथ मृतक का शरीर देखकर लोगों का रूह कांप उठा.

IMG 20181125 WA0004

वहीं दुर्घटना की सूचना पर परबत्ता थाना की पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमॉटम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.जबकि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी पुलिस के द्वारा जब्त कर लिया गया है.घटना के बाद आक्रोशित लोगों के द्वारा मुआवजे की मांग को लेकर कुछ देर तक अगुवानी-महेशखुंट पथ को परबत्ता व्यपार मंडल के सामने जाम कर दिया गया.

IMG 20181125 WA0002

हलांकि परबत्ता थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के पहल पर जल्द ही सड़क जाम को समाप्त करा दिया गया.बहरहाल घटना के बाद एक बार फिर ऑटो की अनियंत्रित रफ्तार,ओवर लोडिंग व वाहन चालक के उम्र को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है.



शेयर करें
शेयर
error: Content is protected !!