Breaking News
IMG 20260214 WA0022

TLM मेला 3.0 : इन शिक्षकों ने मारी बाजी, अब राज्य स्तर पर लहराएंगे जिले का परचम

लाइव खगड़िया : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्रांगण में शनिवार को ‘टीएलएम मेला 3.0’ का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिवम् कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने प्रेरक संबोधन में शिक्षा पदाधिकारियों ने जोर देकर कहा कि शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को न केवल प्रभावी बनाती है, बल्कि इसे रुचिकर और स्थायी बनाने का भी एक सशक्त माध्यम है।

इस मेले में जिले के विभिन्न प्राथमिक और मध्य विद्यालयों से आए प्रतिभागी शिक्षकों ने अपने-अपने विषयों—गणित, विज्ञान, भाषा और पर्यावरण—से संबंधित नवाचारी शिक्षण सामग्रियों का शानदार प्रदर्शन किया। शिक्षकों द्वारा शून्य निवेश और स्थानीय संसाधनों से तैयार की गई इन सामग्रियों ने उपस्थित शिक्षाविदों और दर्शकों को काफी प्रभावित किया। शिक्षकों की सृजनशीलता और बाल-केन्द्रित दृष्टिकोण इस पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।

प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए निर्णायक मंडल ने पारदर्शिता और निष्पक्षता का परिचय दिया। गणित विषय में प्राथमिक विद्यालय जंयती ग्राम औता (गोगरी) के अविनाश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सलोनी सिंह को द्वितीय और नेहा मोदनवाल को तृतीय स्थान मिला। इसी विषय में मुस्कान कुमारी के प्रयास को विशेष रूप से सराहा गया। अंग्रेजी विषय में मधु कुमारी विद्यार्थी प्रथम और मानसी की मधु कुमारी द्वितीय स्थान पर रहीं। हिंदी में दीपशिखा कुमारी, उर्दू में मोहम्मद शाहनवाज और पर्यावरण विषय में अमर कुमार व सृष्टि कुमारी ने बाजी मारी।

​निर्णायक मंडल की भूमिका में विक्रांत भास्कर, तेजनारायण, डायट प्राचार्य मनोज यादव, व्याख्याता मधु, औरंगजेब और अमरनाथ शामिल थे। उन्होंने प्रतिभागियों के नवाचारों का सूक्ष्म मूल्यांकन किया। इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 शिक्षकों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। अंत में, टीएलएम मेला 3.0 के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Check Also

IMG 20260213 214503

युवक को गोली मारने वाला अभियुक्त हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार

युवक को गोली मारने वाला अभियुक्त हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार

error: Content is protected !!