लाइव खगड़िया : जिले के एक गांव में हुई हालिया दुखद घटना को लेकर राजद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गोपाल कृष्ण उर्फ चंदन यादव ने आज कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और मामले में फंसाए गए निर्दोषों की अविलंब रिहाई की मांग की है.
निर्दोषों की रिहाई और कानूनी मदद का भरोसा
राजद नेता चंदन यादव ने स्पष्ट रूप से कहा है कि इस घटना की आड़ में किसी भी निर्दोष व्यक्ति या पीड़ित परिवार के सदस्यों को प्रताड़ित न किया जाए। उन्होंने प्रशासन से निर्दोषों को दोषमुक्त करने की पुरजोर वकालत की। साथ ही उन्होंने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि यदि पीड़ित परिवार के पास कानूनी लड़ाई के लिए संसाधन नहीं हैं, तो वे इसका पूरा खर्च उठाएंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक के नामचीन कानूनविदों को पीड़ितों की मदद में लगाया जाएगा।

40% OFF ON AMAZON, CLICK HERE & ORDER NOW
आवास और सरकारी मदद की पहल
इससे पूर्व, चंदन यादव ने पीड़ित परिजनों से व्यक्तिगत मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मौके पर ही उन्होंने दूरभाष के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों से बात की और पीड़ितों के लिए ‘बसगीत पर्चा’ उपलब्ध कराने तथा उस पर पक्का मकान निर्माण में सरकारी सहायता सुनिश्चित करने की मांग की।
राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी
राजद नेता ने प्रशासन को सचेत करते हुए कहा कि यदि पीड़ितों को उचित न्याय नहीं मिला, तो राजद चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि न्याय में देरी या कोताही होने पर चरणबद्ध तरीके से राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
