Breaking News
IMG 20250517 WA0009

किसान को बदमाशों ने किया गोलियों से छलनी, आक्रोश में किया गया सड़क जाम

लाइव खगडिया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के परबत्ता नगर पंचायत अंतर्गत जानकीचक निवासी 60 वर्षीय किसान बाबू लाल यादव की शुक्रवार देर रात सिराजपुर गांव के दियारा में बदमाशों ने गोली से छलनी कर दिया. बताया जाता है कि वह बासा पर अकेले थे. इसी दौरान चार से पांच की संख्या में अपराधी मोटरसाइकिल से पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. हालांकि जान बचाने के लिए बाबू लाल यादव अंधेरे में गड्ढे की ओर भागे. लेकिन अपराधियों ने वहीं उन्हें गोलियों से छलनी कर दिया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

सूचना पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने दो खोखा बरामद किया है. बताया जाता है कि बाबू लाल यादव दियारा में रहकर पशुपालन एवं खेती करते थे. उन्होंने 20 बीघा खेत लीज और बटाई पर ले रखा था. मृतक के परिजनों कि माने तो उनकी किसी से निजी दुश्मनी नहीं थी. लेकिन बीते कुछ महीनों से दियारा क्षेत्र में सक्रिय अपराधी उनसे लगातार 30 हजार रुपए रंगदारी की मांग कर रहे थे. जिसको लेकर परिवार डरा व सहमा जरूर था. शुक्रवार रात करीब 11 बजे परिजनों को सूचना मिली कि बाबू लाल यादव की हत्या कर दी गई है. शनिवार की सुबह परिजन ट्रैक्टर से शव को दियारा से लेकर आए. जिसके बाद घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह 8 बजे रहीमपुर मोड़ टावर चौक के पास शव रखकर अगुवानी-महेशखुंट सड़क मार्ग को जाम कर दिया. आक्रोशितों की मांग थी कि जब तक वरीय अधिकारी मौके पर नहीं आएंगे और अपराधियों की गिरफ्तारी व परिजन की सुरक्षा का आश्वासन नहीं दिया जायेगा, तब तक शव नहीं उठाने देंगे. जिसके बाद परबत्ता थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी. मौके पर मड़ैया थानाध्यक्ष मोहम्मद और भरतखंड थानाध्यक्ष पहुंचे और आक्रोशितों को शांत करने की कोशिश की. साथ ही प्रभारी गोगरी एसडीपीओ त्रिलोक कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. जिसके बाद जाम को हटाया गया.

घटनास्थल पर एसएफएल की टीम भी पहुंची और वारदात के साक्ष्य जुटाए गए. इस बीच सड़क मार्ग करीब छह घंटे तक अवरुद्ध रहा. शनिवार की दोपहर बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक के पुत्र प्रवीण कुमार ने बताया कि अपराधी मोटरसाइकिल से आए थे और बासा पर पहुंचते ही फायरिंग शुरू कर दी. हालांकि उनके पिता जान बचाने के लिए भागे, लेकिन अपराधियों ने उन्हें नहीं छोड़ा. परिजनों का कहना है कि बाबू लाल यादव को लगातार धमकी मिल रही थी. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए. साथ ही दियारा क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए.

इधर परबत्ता के थानाध्यक्ष अरविंद कुमार बताया कि प्राथिमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है. किसान बाबूलाल यादव की हत्या के बाद जहां किसानों एवं पशुपालकों में दहशत है तो वही स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी गुस्सा भी है. राजद नेता सह नगर पंचायत प्रतिनिधि रंजीत कुमार, अखिलेश्वर दास, सुनील यादव, नारद यादव, माले नेता अरुण दास आदि ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने एवं घटनास्थल के आसपास दियारा क्षेत्र में पुलिस टीम की तैनाती का मांग की है. लोगों ने बताया है कि फसल कटाई के समय बदमाशों की वजह से यहां के किसान दहशत से सहमे रहते हैं. इधर एसडीपीओ त्रिलोक कुमार मिश्रा ने इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की एक टीम को आवश्यक बल के साथ प्रतिनियुक्त करने का आश्वासन दिया है.

Check Also

IMG 20260201 WA0042

संत रविदास की जयंती पर मोजाहिदपुर में भव्य कार्यक्रम, सामाजिक समानता का दिया गया संदेश

संत रविदास की जयंती पर मोजाहिदपुर में भव्य कार्यक्रम, सामाजिक समानता का दिया गया संदेश

error: Content is protected !!