Breaking News
IMG 20250421 204850
Oplus_131072

सीएम से मिले विधायक, पुल निर्माण कार्य को रफ्तार देने की रखी मांग

लाइव खगड़िया : परबत्ता के विधायक डॉक्टर संजीव कुमार ने सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर अपने क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. बताया जाता है कि विधायक ने परबत्ता विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे सहित महत्वाकांक्षी पुल परियोजनाओं को लेकर चर्चा की और मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है.

मिली जानकारी के अनुसार विधायक ने मुख्यमंत्री का ध्यान अगुवानी सुलतानगंज पुल परियोजना की ओर आकृष्ट कराते हुए कहा कि साल 2014 से ही यह पुल निर्माणाधीन है और निर्माण के दौरान एक बार नहीं बल्कि तीन बार पुल गिर चुका है. पुल के टूटे हुए भाग (अवशेष) को भी अब तक निर्माण कंपनी के द्वारा हटाया नहीं जा सका है. जिससे गंगा में कई जलीय जीवों के अलावा डॉल्फिन संरक्षण की हानि हो रही है.साथ ही विधायक ने‌ मुख्यमंत्री को बताया कि मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट का कार्य वर्षों से अधर में लटका है. पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण लोगों को खतरनाक ढंग से संचालित नाव का सहारा लेना पड़ रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. साथ लाखों कांवरियों को भी परेशानी हो रही है. उल्लेखनीय है कि बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड एवं पथ निर्माण विभाग के द्वारा दिनांक 23 अगस्त 2024 को परियोजना कार्य के लिए 15 करोड़ 3 लाख 72हजार का प्राक्कलन बनाकर प्रशासनिक अनुमोदन के लिए भेजा जा चुका है.

विधायक ने गोगरी प्रखंड के रामपुर गांव से भूरिया कटघरा आश्रम टोला जाने वाली मार्ग पर भूरिया के पास ध्वस्त हुए पुलिया के निर्माण कार्य को स्वीकृति देने की मांग भी रखा. गौरतलब है कि इस पुल का निर्माण 2018 में हुआ था एवं 2019 में यह पुल बह गया था. पुल टूटने के 6 सालों के बाद भी उक्त पुल का निर्माण कार्य नहीं हो सका है. विधायक ने बताया कि उक्त पुल निर्माण का प्राक्कलन तैयार है. परंतु विभागीय अनदेखी के चलते यह कार्य अधर में लटका है. जिसके चलते आम जनता को काफी परेशानियां उठानी पड़ रही है और कई बार उन्हें दुर्घटना तक का शिकार होना पड़ रहा है. बताया जाता है कि मुख्यमंत्री ने विधायक डॉ संजीव को जल्द कार्य शुरू कराने आश्वासन दिया है. जिसपर विधायक ने क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है.

Check Also

IMG 20260313 WA0050

परबत्ता: तिरुपति गैस एजेंसी में एसडीओ का औचक निरीक्षण, वितरण में गड़बड़ी पर दी चेतावनी

परबत्ता: तिरुपति गैस एजेंसी में एसडीओ का औचक निरीक्षण, वितरण में गड़बड़ी पर दी चेतावनी

error: Content is protected !!