Breaking News
IMG 20241101 WA0008

गंगा स्नान करने गए युवक का नदी में मिला शव

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के परबत्ता नगर पंचायत अंतर्गत करना गांव निवासी साहेब सिंह का नाती 17 वर्षीय आदित्य कुमार अपने घर से गंगा स्नान करने की बात कह कर गुरुवार सुबह घर से निकला था. लेकिन शुक्रवार की सुबह प्रखंड आपदा मित्र के जवानों की मदद से उसका शव गंगा की उपाधारा से बरामद किया गया. अगुआनी गंगा घाट पर शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.

इधर परबत्ता थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. गंगा घाट पर मौजूद पूर्व मुखिया प्रतिनिधि मुकेश कुमार ने घटना पर दु:ख जताते हुए प्रशासन से अविलंब मुआवजा दिये जाने का मांग किया है.

मिली जानकारी के मुताबिक आदित्य कुमार (पिता संजीव कुमार सिंह) नवगछिया के धरहरा गांव का रहने वाला था. तीन भाइयों में सबसे छोटे आदित्य की मां का निधन बचपन में ही हो गया था और तभी से उसका लालन-पालन करना गांव स्थित उसके ननिहाल में हुआ. इसी वर्ष उसने मैट्रिक की परीक्षा पास की थी और वह आगे की पढ़ाई भी यहीं रहकर कर रहा था. बताया जाता है कि दीपावली के रोज अपने नाना-नानी से गंगा नहाने जाने की बात कह कर घर से निकला था. लेकिन जब दोपहर तक वह लौटकर नहीं आया तो उसके मोबाइल पर कॉल की गई. लेकिन उधर से कोई जवाब नहीं आया. जिसके बाद घर वालों को अनहोनी की आशंका होने लगी और परिजन उन्हें ढूंढते हुए अगुआनी घाट पहुंचे तो घाट पर उसका साइकिल, कपड़ा, चप्पल एवं कपड़े में लिपटा मोबाइल रखा हुआ मिला. जिसके बाद घर वालों की बेचैनी बढ़ गई. तत्काल इसकी सूचना अंचल अधिकारी को दी गई. लेकिन अंचल प्रशासन की ओर से किसी प्रकार का मदद नहीं मिला. हालांकि बाद में प्रखंड आपदा मित्र से लापता को ढूंढने में मदद की गुहार लगाई गई. आपदा मित्र ने शुक्रवार की सुबह नदी में खोजबीन शुरू किया और करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जवानों ने आदित्य का शव उपधारा से बरामद कर लिया.

इधर घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों का कहना है कि अगुआनी गंगा घाट की स्थिति काफी खतरनाक एवं दयनीय है. छठ पर्व नजदीक आ रहा है, ऐसे में हर दिन यहां गंगा स्नान करनेवालों की भीड़ ज्यादा होगी. जिसके मद्देनजर प्रशासन को इस घाट पर आवश्यक इंतजाम तत्काल शुरू करना चाहिए. साथ ही अगुआनी में एसडीआरएफ की एक टीम को स्थाई रूप से तैनात करने की मांग भी स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से किया है.

Check Also

IMG 20260321 WA0013

मिट्टी से जुड़ा स्टार्टअप, आसमान छूती सफलता : खगड़िया के विकास की संघर्ष से सम्मान तक की यह कहानी

मिट्टी से जुड़ा स्टार्टअप, आसमान छूती सफलता : खगड़िया के विकास की संघर्ष से सम्मान तक की यह कहानी

error: Content is protected !!