Breaking News
IMG 20230314 WA0184

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

लाइव खगड़िया : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रम के समापन के अवसर पर मंगलवार को समाहरणालय के सभागार में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने सम्मानित किया. वहीं मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को किया गया सम्मानित किया गया. साथ ही ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी सम्मानित किया गया. इस क्रम में जिलाधिकारी के अलावा उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, डीपीओ (आईसीडीएस) एवं अन्य पदाधिकारियों ने चयनित महिलाओं एवं छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किया. साथ ही मैट्रिक परीक्षा में सर्वोच्च 10 स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया एवं 3 सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले छात्राओं को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना अंतर्गत 5-5 हजार रुपए प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान किया गया. वहीं इंटरमीडिएट में विभिन्न संकायों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली दस-दस छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया एवं 3-3 सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना अंतर्गत 5-5 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई. इस अवसर पर जिला स्तर की जूनियर बालिका हॉकी टीम को भी प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया.

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सप्ताह भर चले कार्यक्रमों में राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार द्वारा बालिकाओं एवं महिलाओं हेतु क्रियान्वित लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. साथ ही प्रभात फेरी, रंगोली प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, पेंटिंग जैसे प्रतियोगिता विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों, जीविका समूहों एवं विद्यालयों में आयोजित किया गया. जबकि कार्यक्रम के अंतिम दिन मंगलवार की सुबह 7:30 बजे समाहरणालय परिसर से प्रभात फेरी निकालकर की गई. इसके पूर्व आईसीडीएस विभाग की महिला कर्मियों, आशा- एएनएम एवं छात्राओं को हरी झंडी दिखाकर अपर समाहर्ता मोहम्मद राशिद आलम एवं उप विकास आयुक्त संतोष कुमार ने रवाना किया. जबकि अपराह्न 11:00 गुब्बारा उड़ाया गया और शक्ति रथ को जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. रथ पर “ना डरो ना सहो, निश्चय कर अपनी जीत करो” जैसे स्लोगन लिखा गया था. साथ ही ऑडियो के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों एवं लैंगिक भेदभाव को रोकने का प्रचार-प्रसार किया गया.

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों, विशेषकर महिलाओं को लैंगिक भेदभाव के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने को लेकर शपथ दिलाया. साथ ही हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया और जिलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने-अपने संदेश का उल्लेख किया.

मौके पर जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में सफल हो रही हैं, उन्हें आसमान तक ऊंची उड़ान भरनी है और अपने सपनों को साकार करना है. हर दिन महिलाओं का है, कोई विशेष दिन इसके लिए नहीं है. सभी महिलाएं सशक्त हैं और इसे वे आत्मसात कर लें. कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है जिसमें महिलाएं बढ़ चढ़कर हिस्सा नहीं ले रही हैं. महिलाएं आज सेना में, पुलिस में, शोध के क्षेत्र में एवं विभिन्न कार्यालयों में अपनी योग्यता एवं कर्मठता सिद्ध कर रही हैं और वे पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है. ऐसे में महिलाओं के प्रति सोच एवं नजरिया बदलने की जरूरत है.

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव, नगर परिषद के मुख्य पार्षद अर्चना कुमारी, उप विकास आयुक्त संतोष कुमार, अपर समाहर्ता मोहम्मद राशिद आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्ण मोहन ठाकुर, डीपीओ (आईसीडीएस) सुनीता, वरीय उप समाहर्ता राज ऐश्वर्या श्री, महिला संरक्षण पदाधिकारी रूबी सीमा, डीपीएम, महिला संरक्षण विजय कुमार सहित सभी सीडीपीओ उपस्थित थे. उधर आईसीडीएस कार्यालय में सेनिटरी पैड वेंडिंग मशीन का भी उद्घाटन जिलाधिकारी एवं नगर परिषद के मुख्य पार्षद अर्चना कुमारी के द्वारा किया गया.

Check Also

IMG 20260321 225316

बेमौसम बारिश और आंधी से फसलों को भारी नुकसान, जिला कृषि पदाधिकारी ने मांगी रिपोर्ट

बेमौसम बारिश और आंधी से फसलों को भारी नुकसान, जिला कृषि पदाधिकारी ने मांगी रिपोर्ट

error: Content is protected !!