Breaking News
IMG 20211013 WA0004

पुलिसकर्मियों को सदा प्रेरणा देती रहेगी दारोगा आशीष कुमार सिंह की शहादत

लाइव खगड़िया : 12 अक्टूबर 2018 की ही वो मनहूस रात थी जिसने पुलिस महकमें सहित जिलेवासियों से एक जांबाज पुलिस पदाधिकारी को सदा के लिए छिन लिया था. वो काली रात…जब एक तरफ जिलेवासी अपने-अपने घरों में सुकून की नींद ले रहे थे तो दूसरी तरफ आमजनों के सुख-चैन की सलामती के लिए वे बुलंद हौसले के साथ सुदूर दियारा क्षेत्र में अपराधियों से लोहा लेते रहे और कर्तव्य पथ पर जान की बाजी लगाकर शहीद हो गये.

विकट परिस्थिति में भी कर्तव्य पथ पर डटे रहे थे थानेदार आशीष कुमार सिंह

पसराहा के तत्कालीन थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह को उस रात जैसे ही गुप्त सूचना मिली कि नवगछिया और खगड़िया के सीमावर्ती इलाका दुधैला दियारा में दिनेश मुनि गिरोह के अपराधियों का जमाबड़ा लगा है कि वो दलबल के साथ देर रात ही वहां कूच का गए. विकट भौगोलिक क्षेत्र में पुलिस के पहुंचने की भनक मिलते ही अपराधी भागने लगे. लेकिन पुलिस टीम भी उसका पीछा करती रही. आखिरकार पुलिस से घिरते देख अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस के द्वारा भी जवाबी फायरिंग किया जाता रहा. इस दौरान दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी हुई. इसी क्रम में अपराधियों की एक गोली पुलिस टीम का नेतृत्व कर रहे तत्कालीन थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह के सीने में जा लगी और वे शहीद हो गए. साथ ही पुलिस ने मुठभेड़ में एक अपराधी को भी मार गिराया था.

एक कड़क पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ नेक दिल इंसान भी थे आशीष कुमार सिंह

35 वर्षीय 2009 बैच के शहीद थानेदार आशीष कुमार सिंह बहुत ही नेक, विनम्र और अपने कर्तव्य के प्रति बेहद ही ईमानदार व अनुशासित इंसान थे. कर्तव्य पथ पर खतरों से खेलना उनकी आदतों में शुमार था. शहादत के पूर्व भी एक अन्य ऑपरेशन के दौरान वे अपराधियों की गोली से घायल हो चके थे. मूल रूप से सहरसा जिले के सरोजा गांव के निवासी रहे आशीष कुमार सिंह का जिले के चौथम थाना क्षेत्र के लालपुर में ननिहाल था.

पुलिसकर्मियों को सदा प्रेरणा देती रहेगी आशीष कुमार की शहादत

कर्तव्य पथ पर थानेदार आशीष कुमार सिंह की शहादत पुलिसकर्मियों को सदा प्रेरणा देती रहेगी और एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिस पदाधिकारी की याद जिलेवासियों को भी सदा आती व सताती रहेगी.

Check Also

FB IMG 1774192430555

बिहार दिवस पर हरियाली का संदेश, कल JNKT में अल्तमाश फरीदी के साथ होगी सुरमयी शाम

बिहार दिवस पर हरियाली का संदेश, कल JNKT में अल्तमाश फरीदी के साथ होगी सुरमयी शाम

error: Content is protected !!