Breaking News
IMG 20210720 WA0004

स्वतंत्रता दिवस पर इस बार नहीं निकलेगी प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी स्थगित




लाइव खगड़िया (मनीष कुमार) : स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को समाहरणालय के सभा कक्ष में जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया. जिसमें जिला एवं प्रखंड स्तरीय कई पदाधिकारी शामिल हुए. मौके पर बताया गया कि कोविड संक्रमण के मद्देनजर सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देश का अनुपालन करते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा और जिले का मुख्य समारोह जेएनकेटी इंटर कॉलेज में आयोजित किया जाएगा. वहीं 9 बजे सुबह झंडोत्तोलन किया जाएगा. जबकि समाहरणालय में 10:10 बजे, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण में 10:25 बजे, अनुमंडल कार्यालय में 10:35 बजे, पुलिस केंद्र में 10:55 बजे, जिला परिषद कार्यालय में 11:15 बजे और नगर थाना में 10:35 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा. साथ ही विगत वर्ष की तरह इस बार भी महादलित टोलों में भी झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित करने की बातें कही गई. वहींझंडोत्तोलन के पश्चात जिलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचल अधिकारियों के द्वारा वृक्षारोपण करने की जानकारी दी गई.


मौके पर बताया गया कि कोविड संक्रमण को देखते हुए इस बार प्रभात फेरी का कार्यक्रम स्थगित रहेगा. साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन नहीं किया जाएगा. जबकि राष्ट्रीय ध्वज की सलामी के लिए डीएपी के दो प्लाटून और गृह रक्षा वाहिनी की एक प्लाटून पूर्वाभ्यास करेंगे. बैठक में विभिन्न समारोह स्थलों पर झंडोत्तोलन के अवसर पर राष्ट्रीय गान की व्यवस्था हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी को तीन सर्वोत्तम टीम चयन करने का निर्देश दिया गया. जबकि मुख्य समारोह स्थल पर बैरीकेटिंग की व्यवस्था का भवन प्रमंडल को दिया गया. वहीं बताया गया कि झंडोत्तोलन कार्यक्रम को फेसबुक पर आम जनता के लिए लाइव प्रसारण किया जाएगा. इस वर्ष कोविड संक्रमण को देखते हुए स्वतंत्रता सेनानियों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रित नहीं किया जा रहा है और स्वतंत्रता सेनानियों को उनके घर पर ही सम्मानित किये जाने की जानकारी दी गई.

स्वतंत्रता दिवस को लेकर समारोह स्थल सहित संपूर्ण शहर की सफाई सुनिश्चित कराने के लिए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया. साथ ही उन्हें महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई एवं उन पर माल्यार्पण करने का भी निर्देश दिया गया. वहीं बताया गया कि झंडोत्तोलन स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज को त्रुटिरहित बांधने का कार्य परिचारी प्रवर को अपनी देखरेख में संपन्न करायेंगे. जबकि विधि व्यवस्था संधारण हेतु संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी अपने स्तर से आदेश निर्गत करेंगे. 15 अगस्त को सभी कसाईखाना बंद रहेगा और इसका अनुपालन संबंधित थानाध्यक्ष द्वारा कराया जायेगा.

BannerMaker 21122020 135916

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले में कोविड संक्रमण की रोकथाम हेतु उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टर, आशा- एएनएम कार्यकर्ता, जीविका दीदी व उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मी, पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी सहित नागरिक व लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थी को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा. जिलाधिकारी ने ऐसे लोगों को पुरस्कृत करने हेतु नॉमिनेशन करने का निर्देश दिया.

बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी भूपेंद्र प्रसाद सिंह, सिविल सर्जन अजय कुमार सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी संजय कुमार वर्मा, सदर व गोगरी अनुमंडल पदाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता सहित सभी जिला व प्रखंड स्तरीय कई पदाधिकारी उपस्थित थे.

Check Also

FB IMG 1773500931355

राष्ट्रीय लोक अदालत में हुआ जन-संवाद, आपसी सहमति से निपटाए गए कई मामले

राष्ट्रीय लोक अदालत में हुआ जन-संवाद, आपसी सहमति से निपटाए गए कई मामले

error: Content is protected !!