लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के परबत्ता थाना की पुलिस ने रविवार को मोबाइल पर मिली सूचना के आधार पर करना स्थित के एम डी कॉलेज मैदान से दो पिस्टल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. जो कि श्रीरामपुर ठुट्ठी गांव का सन्नी कुमार बताया जाता है. जबकि मौके से दूसरा युवक पुलिस को देखते ही फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया.
मामले पर परबत्ता के थानाध्यक्ष प्रियरंजन कुमार ने बताया है कि गिरफ्तार किये गये सन्नी कुमार एवं फरार करना गांव के आर्यन कुमार का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और दोनों कई गंभीर कांडों में आरोपित है. साथ ही उन्होंने बताया कि आर्यन कुमार गोगरी थाना क्षेत्र के लूट कांड में फरार चल रहा है. मौके से पुलिस ने एक अपाची बाइक भी जब्त किया है.
परबत्ता के थानाध्यक्ष ने बताया कि सहरसा जिले के संतोष कुमार का ससुराल करना गांव है. जिसे सन्नी कुमार एवं उनके साथियों ने सस्ते में बाइक खरीदने का प्रलोभन देकर बुलाया था और परबत्ता कॉलेज के मैदान में बाइक की खरीद-बिक्री की बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में बहस हो गई. जो कि बाद में मारपीट में तब्दील हो गई. इस दौरान सन्नी कुमार तथा आर्यन कुमार के द्वारा संतोष कुमार को जमकर पीटा गया. इस बीच मामले की जानकारी किसी ने स्थानीय थाने को दी. जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सन्नी को गिरफ्तार कर लिया. जबकि पुलिस को देखकर उनका साथी आर्यन कुमार हवाई फायरिंग करते हुए भाग खड़ा हुआ.

Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
