लाइव खगड़िया : जिले में पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुफ्फसिल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में स्मैक (हेरोइन) के साथ एक अंतरजिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।
चेकिंग के दौरान भागने का किया प्रयास
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के निर्देशानुसार मादक पदार्थों पर प्रतिबंध लगाने हेतु लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 04 अप्रैल को करीब दोपहर 3:40 बजे, मुफ्फसिल थाना की दिवा गश्ती टीम नन्हकू मंडल टोला NH-31 के पास ऑटो रिक्शा की चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति ऑटो से कूदकर भागने लगा। पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे खदेड़कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 204 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2.5 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान आदर्श कुमार उर्फ कुक्कु (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना अंतर्गत श्रीचंद्रपुर का निवासी है। पुलिस ने स्मैक के साथ-साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
कानूनी कार्रवाई और टीम
इस संबंध में मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 47/26 दर्ज कर NDPS एक्ट की धारा 21(b) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार युवक के आपराधिक इतिहास और इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाने में जुटी है।
छापामारी टीम में शामिल मुख्य सदस्य:
- पु०अ०नि० अमरजीत प्रताप सिंह (थानाध्यक्ष, मुफ्फसिल थाना)
- स०अ०नि० अनिल कुमार सिंह
- DIU टीम (खगड़िया)
- STF (SOG-03), पटना एवं अन्य सशस्त्र बल
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
