लाइव खगड़िया : शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान भारी बवाल और पुलिस टीम पर हमले के बाद पुलिस एक्शन मोड में आ चुकी थी। स्टेशन रोड के पास भीड़ ने लाठी-डंडों और पत्थरों से सरकारी टीम पर हमला कर दिया था, जिसमें नगर परिषद के एक अधिकारी घायल हो गए और वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।
घटना का मुख्य विवरण
3 अप्रैल को अनुमंडल पदाधिकारी के आदेशानुसार शहर में अतिक्रमण हटाने का कार्य चल रहा था। पुलिस प्रशासन के अनुसार, पिछले तीन महीनों से यह अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन बार-बार लोग सड़क पर कब्जा कर ले रहे थे।
शाम करीब 05:30 बजे जब टीम स्टेशन के पूर्वी गेट के पास पहुँची, तो कुछ असामाजिक तत्वों ने भीड़ को उकसा दिया। देखते ही देखते 150-200 लोगों की उग्र भीड़ लाठी-डंडा, लोहे के सरिया और पत्थर लेकर सड़क पर उतर आई और हंगामा शुरू कर दिया।

अधिकारियों पर जानलेवा हमला
इसी दौरान मुआयना करने जा रहे नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी श्री सिंधु कमल की गाड़ी पर भीड़ ने जान मारने की नियत से हमला कर दिया। हमले में उनकी गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, अतिक्रमण कार्य में लगे नगर परिषद के स्वच्छता निरीक्षक राजीव रंजन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
घटना के बाद पुलिस बल को सक्रिय होते देख उपद्रवी गलियों और रेलवे स्टेशन की ओर भाग निकले। पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की है।
- दर्ज प्राथमिकी: खगड़िया थाना कांड संख्या-83/26 (04.04.26) दर्ज की गई है।
- आरोपी: कुल 78 नामजद और अन्य अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
- गिरफ्तारी: पुलिस अब तक 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है।
- धाराएं: भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (285, 191, 132, 324 आदि) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
खगड़िया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी लगातार जारी है।






