लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के मड़ैया सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरलतीफ पंचायत में बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ मड़ैया वार्ड संख्या 12 में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय मकिन्द्र सिंह के 25 वर्षीय पुत्र बॉबी कुमार के रूप में हुई है।
घटना का मुख्य कारण: त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग
पुलिस की प्रारंभिक जांच और मृतक की पत्नी के बयान के अनुसार, हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है।
- विवाद की जड़: मृतक के पत्नी की पहली शादी पड़ोस की ही एक युवक से हुई थी, जिसपर घटना को अंजाम देने का आरोप लग रहा है। संतान न होने के कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद रहता था।
- दोस्ती से दुश्मनी: मृतक और आरोपी पहले गहरे दोस्त थे, लेकिन इसी बीच मृतक और आरोपी के पत्नी के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
- तलाक और पुनर्विवाह: बाद में आरोपी की पत्नी ने पति से विधिवत तलाक लेने के बाद मृतक बॉबी कुमार से प्रेम विवाह कर लिया। उधर आरोपी ने भी दूसरी शादी कर ली थी, लेकिन वह बॉबी से रंजिश पाले हुए था।

साजिश के तहत वारदात को दिया अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, बॉबी कुमार दिल्ली में रहकर काम करता था और आगामी 20 मार्च को अपने पिता की बरसी में शामिल होने के लिए गाँव लौटा था। कहा जा रहा है कि आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से बॉबी को फोन कर घर से कुछ दूरी पर बुलाया और उसे गोली मार दी। गोली लगने से बॉबी की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता और मड़ैया पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। मड़ैया सहायक थाना अध्यक्ष सावित्री कुमारी ने बताया कि:
- शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं।
- साक्ष्यों की सुरक्षा के लिए घटनास्थल को सील कर दिया गया है।
- आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
”हत्याकांड के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।” — सावित्री कुमारी, थाना अध्यक्ष
इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
