लाइव खगड़िया : जिले के चिकित्सा इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। शहर के एनएच 31 परमानंदपुर स्थित श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज सह शहीद प्रभु नारायण मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के हड्डी रोग विभाग ने घुटने का सफल प्रत्यारोपण (Knee Replacement) कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मरीज को मिला नया जीवन
मानसी के ठाठा निवासी मरीज बच्चन मंडल पिछले 10 वर्षों से चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ थे। उनके घुटने खराब हो चुके थे, जिससे उनका जीवन कष्टमय बना हुआ था। जिले में इतनी बड़ी सर्जरी की सुविधा न होने के कारण कई लोग बाहर जाने को मजबूर होते थे, लेकिन शहीद प्रभु नारायण हॉस्पिटल की टीम ने इस चुनौती को स्वीकार किया और सफल ऑपरेशन कर बच्चन मंडल को दोबारा चलने की उम्मीद दी है।
इन विशेषज्ञों की टीम ने रचा इतिहास
इस जटिल ऑपरेशन को अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने अंजाम दिया, जिनमें शामिल थे:
- हड्डी रोग विशेषज्ञ: डॉ. प्रीतम एवं डॉ. अमर सत्यम
- एनेस्थीसिया विशेषज्ञ: डॉ. दीपक
- ओटी टीम: सरोज, पंकज और अखिलेश
आयुष्मान भारत योजना का सहारा
जहां इस तरह के ऑपरेशन में निजी अस्पतालों में ₹5 लाख से ₹10 लाख तक का खर्च आता है, वहीं अस्पताल ने गरीब मरीज की आर्थिक स्थिति को देखते हुए आयुष्मान भारत कार्ड के तहत यह ऑपरेशन बिल्कुल निशुल्क किया है।
खगड़िया का सपना हो रहा है साकार
खगड़िया जिले की जनता ने वर्ष 2006 में जिस आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था का सपना देखा था, वह अब हकीकत में बदलता दिख रहा है। मेडिकल कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. स्वामी विवेकानंद एवं डॉ. रीना कुमारी रूबी ने डॉक्टरों की टीम को इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि अब जिले के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
”खगड़िया अब चिकित्सा के क्षेत्र में अपने पैरों पर खड़ा हो रहा है। हमारी कोशिश है कि हर गरीब को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं जिले में ही उपलब्ध कराई जाएं।” — डॉ. स्वामी विवेकानंद
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
