Breaking News
IMG 20250606 WA0018

18 माह में बनकर तैयार होगा अगुवानी – सुल्तानगंज फोरलेन पुल

लाइव खगडिया (मुकेश कुमार मिश्र) : पटना हाईकोर्ट के आदेश पर सुल्तानगंज-अगुवानी घाट गंगा पुल के टूटे हिस्से का मरम्मत कार्य शुरू हो गया है. बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड ने पिलर संख्या 9 के पास कम्पोजिट स्टील बीम कंक्रीट डेक केवल स्टे का निर्माण कार्य पूजा पाठ के बाद शुरू कर दिया है. बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक जितेंद्र कुमार ने बताया कि उच्च न्यायालय से 18 महीने का समय मिला है और इस अवधि में हीक्षपुल का निर्माण कार्य पूर्ण किया जायेगा. संवेदक द्वारा प्रस्तुत आरेखन और निरूपण की जांच आईआईटी रुड़की से कराई जा रही है. यह थर्ड पार्टी ऑडिट है. पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से के साथ-साथ बाकी बचे अन्य काम और पहुंच पथ का निर्माण भी शुरू हो गया है.

पुल के पुनर्निर्माण कार्य तीन चरणों में किया जा रहा है. पहले चरण में पहुंच पथ बनाया जा रहा है, ताकि यातायात सुचारु रहे. जबकि दूसरे चरण में क्षतिग्रस्त हिस्से के लिए कम्पोजिट ग्राइडर का निर्माण आरडीएसओ से अनुमोदित कार्यशाला में आरेखन के अनुसार शुरू किया गया है. तीसरे चरण में बदले गए सुपर स्ट्रक्चर के कारण नींव में जरूरी सुधार किया जा रहा है. यह कार्य विशेषज्ञों की सलाह पर हो रहा है. निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निगम ने एक मजबूत परियोजना क्रियान्वयन इकाई बनाई है. इसमें अनुभवी स्ट्रक्चरल इंजीनियर तैनात किए गए हैं. साथ ही प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों की एक स्वतंत्र तकनीकी टीम भी सहयोग कर रही है. यह टीम समय-समय पर स्थल का निरीक्षण कर मार्गदर्शन देगी. परियोजना की निगरानी और समीक्षा तय समय पर होगी. निगम के अध्यक्ष हर महीने समीक्षा करेंगे. प्रबंध निदेशक हर पंद्रह दिन में स्थल निरीक्षण और समीक्षा करेंगे. अभियंता प्रमुख, कार्य प्रबंधन, पथ निर्माण विभाग भी हर महीने निरीक्षण और विभागीय समीक्षा करेंगे. इससे योजना का सतत अनुश्रवण सुनिश्चित होगा.

मौके पर जितेन्द्र कुमार (प्रबंध निदेशक), उदय कुमार दास (मुख्य अभियंता योजना), राम विलास यादव (उप मुख्य अभियंता), संदीप कुमार, शशि भूषण सिंह (वरिष्ठ परियोजना अभियंता), चंदन कुमार (निरूपण अभियंता), एसपी सिंगला के प्रोजेक्ट मैनेजर संजय सिंह सहित अन्य अभियंता और पदाधिकारी उपस्थित थे.

Check Also

IMG 20260201 WA0042

संत रविदास की जयंती पर मोजाहिदपुर में भव्य कार्यक्रम, सामाजिक समानता का दिया गया संदेश

संत रविदास की जयंती पर मोजाहिदपुर में भव्य कार्यक्रम, सामाजिक समानता का दिया गया संदेश

error: Content is protected !!