लाइव खगड़िया : कहते हैं प्यार अंधा होता है, लेकिन आजकल का प्यार अंधा होने के साथ-साथ ‘हाई-स्पीड डेटा’ से भी लैस होता है। ऐसा ही एक ताजातरीन और ‘रील्स’ से भी तेज रफ्तार मामला सारण जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से आया है, जहां इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ ‘लाइक-कमेंट’ का सिलसिला सीधे मंडप तक पहुंच गया। फर्क सिर्फ इतना था कि मंडप में दूल्हा नया था, और विवाह को संपन्न कराने के लिए पंडित जी की जगह ‘गुस्साए ग्रामीणों’ की पंचायत बैठी थी।

मामले की पटकथा कुछ यूं है कि युवती की शादी पिछले साल ही सावन कुमार नामक युवक से हुई थी। जीवन में ‘सावन’ तो आ गया था, लेकिन दिल के मौसम को शायद कुछ और ही मंजूर था। सावन की फुहारों के बीच बहू जी का दिल इंस्टाग्राम की स्क्रॉलिंग करते-करते ‘प्रेम कुमार’ पर जाकर अटक गया।
लाइक से लव तक का सफर
शुरुआत फोटो पर ‘हार्ट’ वाले इमोजी भेजने से हुई। फिर कमेंट में ‘नाइस डीपी’ का आदान-प्रदान हुआ और देखते ही देखते बातचीत इनबॉक्स (DM) में शिफ्ट हो गई। घंटों चैटिंग होने लगी और फिर वादे-कसमों का दौर शुरू हुआ कि—”जियेंगे तो तुम्हारे साथ, मरेंगे तो तुम्हारे साथ।”
बुधवार को इस डिजिटल प्रेम कहानी में ‘थ्रिलर’ मोड़ तब आया, जब प्रेमिका ने अपने इस ‘वर्चुअल रांझे’ को सीधे अपने ससुराल (यानी सावन के घर) ही बुला लिया। प्रेमी जी भी इतने शूरवीर निकले कि बिना ‘गूगल मैप’ पर खतरा भांपे सीधे प्रेमिका के घर धमक पड़े।

अब ससुराल में पति और परिवार वाले आरती की थाली लेकर तो तैयार बैठे नहीं थे। जैसे ही भनक लगी कि घर में कोई ‘फॉलोअर’ सीधे लाइव मिलने आ गया है, घर के भीतर का माहौल ‘रील्स’ से हटकर सीधे ‘क्राइम थ्रिलर’ में बदल गया। देखते ही देखते पूरा गांव तमाशबीन बन गया। ग्रामीणों ने आव देखा न ताव, प्रेमी को धर-दबोचा और फिर जो ‘डिजिटल कुटाई’ (फिजिकल धुनाई) शुरू हुई, उसे देखकर प्रेमी कुमार को समझ आ गया कि असल जिंदगी में ‘अनफॉलो’ करने का बटन नहीं होता।
पंचायत का ‘क्लाइमेक्स’ फैसला
हंगामा जब ‘ट्रेंडिंग’ होने लगा, तो गांव में पंचायत बुलाई गई। घंटों माथापच्ची हुई। हर कोई सोच रहा था कि अब क्या होगा? लेकिन पंचायत ने जो फैसला सुनाया, उसने नेटफ्लिक्स की किसी वेब सीरीज के सस्पेंस को भी फेल कर दिया। बड़े दिल वाले पति ‘सावन’ की सहमति ली गई (या शायद उन्होंने खुद ही इस ‘लाइक-कमेंट’ के क्लेश से मुक्ति पाना बेहतर समझा), और ग्रामीणों की भारी मौजूदगी में प्रेमी और प्रेमिका की शादी करा दी गई।

अब पूरे इलाके में इस ‘इंस्टा-विवाह’ की थू-थू और वाह-वाह दोनों साथ-साथ चल रही है। कुछ लोग इसे सोशल मीडिया का साइड-इफेक्ट बता रहे हैं, तो कुछ पति के ‘त्याग’ पर हैरान हैं। बहरहाल, प्रेमी को उसकी प्रेमिका मिल गई, पति को शांति मिल गई और गांव वालों को मुफ्त का मनोरंजन। रील से रियल हुई यह कहानी चर्चाओं में है।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
