लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत नगर पंचायत परबत्ता में गुरुवार को एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मियों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। “एक दिन, एक घंटा श्रमदान” की अपील के साथ नागरिकों से अपने घर, गली-मोहल्लों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया गया।
चेयरमैन और प्रतिनिधियों ने खुद उठाई झाड़ू
अभियान का नेतृत्व करते हुए नगर पंचायत की चेयरमैन अर्चना देवी और चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत कुमार साह ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में भाग लिया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि एक स्वच्छ और सुंदर नगर पंचायत के निर्माण के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत कुमार साह ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज की बुनियाद है। शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए केवल सफाईकर्मियों पर निर्भर रहने के बजाय हर व्यक्ति को आगे आना होगा। उन्होंने कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने की अपील की।
प्रमुख अधिकारियों और पार्षदों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत की उप चेयरमैन कविता देवी, उप चेयरमैन प्रतिनिधि घनश्याम मंडल, कार्यपालक पदाधिकारी स्नेहलता और स्वच्छता पदाधिकारी हैदर अली प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इसके साथ ही वार्ड पार्षद राजन कुमार, सरवीन कुमार, आदित्य कुमार, पिंटू कुमार, ताहा सबुक्तगीन, प्रकाश मिश्र, पवन चौधरी, नवीन कुमार तथा वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विकास कुमार, सोनू कुमार और दयानंद दास सहित कई अन्य लोग भी अभियान में शामिल हुए।
स्वच्छता का संकल्प
अभियान के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और परबत्ता को एक स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित नगर पंचायत बनाने में अपना पूरा सहयोग देने का संकल्प लिया।






