लाइव खगड़िया : मधेपुरा पुलिस ने कूटचित आईडी कार्ड और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खुद को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया चैनल का पत्रकार बताकर आम जनता, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय प्रशासन पर अनुचित दबाव बनाने वाले एक फर्जी पत्रकार को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम: प्रिंस कुमार
पता: रायभीड़, थाना- शंकरपुर, जिला- मधेपुरा।
पूरा मामला और पुलिस की कार्रवाई
जिला पुलिस को शिकायत मिली थी कि प्रिंस कुमार नामक व्यक्ति एक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया चैनल का पत्रकार बनकर लोगों और अधिकारियों पर रौब झाड़ रहा है तथा भय और भ्रम का माहौल उत्पन्न कर रहा है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान जब आरोपी द्वारा प्रस्तुत किए गए परिचय-पत्र और दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित इलेक्ट्रॉनिक मीडिया चैनल के संपादक-प्रकाशन से कराया गया, तो उन्होंने बड़ा खुलासा किया। चैनल द्वारा स्पष्ट किया गया कि प्रिंस कुमार को उनके संस्थान द्वारा कोई आईडी कार्ड जारी नहीं किया गया है। वर्तमान में संस्थान से उसका कोई संबंध नहीं है और न ही उसे पत्रकार, संवाददाता या किसी अन्य पद पर कार्य करने की अनुमति दी गई है। प्रथम दृष्टया यह संस्थान के मूल आईडी कार्ड की फर्जी या डुप्लीकेट प्रति निकली, जिसका उपयोग अनुचित लाभ उठाने के लिए किया जा रहा था।
साथ ही इस संबंध में जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी, मधेपुरा से भी सत्यापन कराया गया, जिन्होंने आरोपी के पास किसी भी वैध अनुज्ञप्ति (वैध पत्रकारिता लाइसेंस) होने की बात को पूरी तरह खारिज कर दिया। पुलिस के अनुसार जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पिछले तीन-चार वर्षों से कूटरचित प्रेस आईडी कार्ड के सहारे खुद को पत्रकार बताकर घूम रहा था। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बरामद सामान
एक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया चैनल का फर्जी पहचान पत्र (जिस पर आरोपी का नाम और फोटो दर्ज है)
02 ब्लूटूथ माइक
01 माइक कनेक्टर
01 ओप्पो (Oppo) कंपनी का स्मार्टफोन
01 स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल, जिसके पीछे लाल रंग के पेंट से ‘प्रेस मीडिया’ लिखा हुआ है।






