लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के महद्दीपुर, बंदेहरा स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) में गुरुवार को प्रशासनिक अमले के औचक निरीक्षण से हलचल मच गई। गोगरी डीसीएलआर राजकुमार, परबत्ता बीडीओ संतोष कुमार पंडित और सीओ हरिनाथ राम ने संयुक्त रूप से विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षक व छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, साफ-सफाई और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की पड़ताल की। इसके साथ ही कक्षाओं और परिसर का मुआयना कर मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता की भी जानकारी ली गई।
बीडीओ बने शिक्षक, बच्चों में दिखा उत्साह
इस निरीक्षण का सबसे आकर्षण का केंद्र वह पल रहा जब परबत्ता बीडीओ संतोष कुमार पंडित खुद शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने कक्षा में पहुंचकर ब्लैकबोर्ड संभाला और बच्चों को गणित के गुर सिखाए।
बीडीओ ने ब्लैकबोर्ड पर सवाल लिखकर बच्चों से पूछे, उनके उत्तर सुने और कठिन विषयों को बेहद सरल तरीके से समझाया। अचानक एक प्रशासनिक अधिकारी को शिक्षक के रूप में अपने बीच पाकर विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखा गया और कक्षा का माहौल काफी ऊर्जावान नजर आया।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि बच्चों को मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।






