मुख्य सामग्री पर जाएं
मानसी

बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं: स्कूल सीढ़ी हादसे पर विधायक सख्त, नया भवन बनने तक दूसरे स्कूल में होगी पढ़ाई

IMG 20261001 181447 Scaled

लाइव खगड़िया : जिले के मानसी प्रखंड के अमनी गांव स्थित जटाधर मिश्रा प्राथमिक विद्यालय में एक दर्दनाक हादसे में तीसरी कक्षा की छात्रा रीतिका कुमारी की मौत हो गई। स्कूल की सीढ़ी गिरने से हुए इस हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक बबलू कुमार मंडल ने अमनी गांव पहुंचकर मृतका के परिजनों से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की।

परिजनों को बंधाया ढांढ़स

विधायक ने रीतिका के ननिहाल पहुंचकर उनके नाना हरेराम यादव से घटना की पूरी जानकारी ली। इस दौरान मृतका के पिता मनोज यादव (निवासी: हथमंडल गांव, बनमा इटहरी प्रखंड, सहरसा) भी मौजूद थे। विधायक ने पिता और परिजनों को ढांढ़स बंधाते हुए कहा कि मासूम बच्ची की असमय विदाई बेहद पीड़ादायक है और इस मुश्किल घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं।

विद्यालय का निरीक्षण और सख्त निर्देश

परिजनों से मिलने के बाद विधायक ने ग्रामीणों के साथ जटाधर मिश्रा प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए:

पुराना भवन टूटेगा: जटाधर मिश्रा प्राथमिक विद्यालय के जर्जर और खतरनाक पुराने भवन को पूरी तरह गिराकर नए सिरे से मानक के अनुरूप निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए।

वैकल्पिक पढ़ाई की व्यवस्था: नया भवन तैयार होने तक बच्चों की शिक्षा बाधित न हो, इसके लिए पठन-पाठन का कार्य किसी अन्य सुरक्षित नजदीकी विद्यालय में संचालित किया जाए।

सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

इस दुर्घटना ने सरकारी विद्यालयों के भवनों की सुरक्षा व्यवस्था और उनकी जर्जर स्थिति पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मौके पर मौजूद अमनी पंचायत के पूर्व मुखिया प्रमोद कुमार सिंह, जेडीयू प्रखंड अध्यक्ष राजनीति प्रसाद सिंह और ग्रामीण गणेश प्रसाद ने बच्चों के लिए स्थायी व सुरक्षित व्यवस्था की मांग उठाई। विधायक ने आश्वासन दिया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाह पहलुओं पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

शेयर
error: Content is protected !!