लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्धनगर जिले की जेवर थाना पुलिस ने जिले के मड़ैया पुलिस के सहयोग से एक कार्रवाई के तहत पिपरा लतीफ गांव से एक युवक को गिरफ्तार किया है। जेवर थाना कांड संख्या 290/26 में वांछित आरोपी नजीर अहमद (पुत्र इरफान अहमद), निवासी पिपरा लतीफ, को उसके घर से हिरासत में लिया गया।
जेवर थाने के जांच अधिकारी देवेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर यह संयुक्त कार्रवाई की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवक को मड़ैया थाना लाया गया, जहां कागजी प्रक्रिया के बाद जेवर पुलिस उसे अपने साथ ले गई। मड़ैया के सहायक थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने जेवर पुलिस को पूरा सहयोग प्रदान किया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़े एक कथित भ्रामक वीडियो को लेकर जेवर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद यह कानूनी कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता का आरोप था कि 14 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘Sach bolo’ पर एयरपोर्ट की स्थिति को गलत और भ्रामक तरीके से पेश करने वाला एक वीडियो प्रसारित किया गया था।
साइबरपीस रिसर्च विंग की 20 अगस्त की फैक्ट-चेक रिपोर्ट के अनुसार, टर्मिनल में भारी जलभराव दिखाने वाला वह वायरल वीडियो पूरी तरह फर्जी और एआई-जनरेटेड (AI-generated) था। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि बारिश के दौरान केवल टर्मिनल और पार्किंग क्षेत्र को जोड़ने वाले अंडरपास में मामूली और अस्थायी जलजमाव हुआ था, जबकि मुख्य टर्मिनल भवन पूरी तरह सुरक्षित था।
इधर पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक सामग्री को बिना सत्यता की जांच (सत्यापन) किए साझा न करें।






