मुख्य सामग्री पर जाएं
खगड़िया

बेगूसराय डाक प्रमंडल की अनूठी पहल: महज 25 रुपये में नजदीकी डाकघरों से खरीदें तिरंगा

Motion Photo 8129370556189168105 Scaled

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एक विशेष पहल की है। अब आम नागरिक अपने नजदीकी डाकघर से महज 25 रुपये की किफायती कीमत पर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) खरीद सकते हैं। इस अभियान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

बेगूसराय डाक प्रमंडल की डाक अधीक्षक अर्चना कुमारी ने बताया कि अभियान के तहत प्रमंडल के 48 डाकघरों में कुल 2500 तिरंगा झंडे उपलब्ध कराए गए हैं। लोग बिना किसी परेशानी के निर्धारित मूल्य पर तिरंगा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना है।

डाकघरों के माध्यम से तिरंगे की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित होने से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में इस अभियान को व्यापक स्तर पर गति मिल रही है।

उपडाकघरों में भी शुरू हुई बिक्री

जमालपुर गोगरी उपडाकघर के उपडाकपाल शंकर कुमार साह एवं डाक सहायक अमित कुमार अमन ने बताया कि उनके उपडाकघर में भी तिरंगे की बिक्री जोरों पर है। बच्चे, युवा और परिवार के सदस्य खासे उत्साह के साथ डाकघर पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज खरीद रहे हैं।

डाककर्मियों का कहना है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रदर्शित करने का एक स्वर्णिम अवसर है। इसके माध्यम से लोगों को अपने घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आसपास के परिसरों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

स्वतंत्रता दिवस जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, डाकघरों में तिरंगे की मांग और बिक्री में और अधिक तेजी आने की उम्मीद है। डाक विभाग का संदेश साफ है—इस स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा फहरे और हर दिल में देशभक्ति की भावना नजर आए।

शेयर
error: Content is protected !!