लाइव खगड़िया : नगर परिषद खगड़िया क्षेत्र के वार्ड संख्या-15 अंतर्गत विद्याधार में वर्षों से चली आ रही एक बड़ी समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है। नगर सुरक्षा तटबंध से गंडक नदी जाने वाले मुख्य मार्ग पर करीब ₹15 लाख की लागत से निर्मित आधुनिक आरसीसी पुलिया का उद्घाटन नगर सभापति अर्चना कुमारी द्वारा फीता काटकर किया गया। इस पुलिया के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में हर्ष का माहौल है।
बरसात और बाढ़ में बाधित हो जाता था आवागमन
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले 15 वर्षों से इस मार्ग पर पुलिया नहीं होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बरसात और बाढ़ के दिनों में सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था। यह मार्ग न केवल दैनिक आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान हजारों श्रद्धालु और व्रती इसी रास्ते से गंडक नदी घाट तक जाते हैं। पुलिया के अभाव में अब तक महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को कीचड़ तथा जलजमाव के बीच से गुजरना पड़ता था। इस पुलिया के बनने से जल निकासी भी बेहतर होगी और सड़क क्षतिग्रस्त होने की समस्या से निजात मिलेगी।
बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता: नगर सभापति
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जा रहा है।
“यह केवल एक पुलिया का निर्माण नहीं है, बल्कि पिछले 15 वर्षों से जनता द्वारा झेली जा रही परेशानी का स्थायी समाधान है। छठ व्रतियों और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस योजना को धरातल पर उतारा गया है।”
— अर्चना कुमारी, नगर सभापति
उन्होंने आगे कहा कि नगर परिषद का मुख्य लक्ष्य शहर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाला, पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है, ताकि वर्षों से लंबित पड़ी समस्याओं को तेजी से खत्म किया जा सके।
उद्घाटन के मौके पर कई गणमान्य रहे मौजूद
लंबे समय से लंबित इस मांग के पूरे होने पर स्थानीय निवासियों ने नगर परिषद और नगर सभापति के प्रति आभार व्यक्त किया।
उद्घाटन समारोह के अवसर पर वार्ड पार्षद कविता देवी, वार्ड पार्षद पप्पू यादव, पूर्व उपसभापति विनय पटेल, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि चंद्रशेखर कुमार, पूर्व वार्ड पार्षद महेश यादव,
धर्मेंद्र शास्त्री, गुगु यादव, उज्जवल, बिलो यादव, अर्जुन यादव, पप्पू यादव, उमाकांत यादव आदि उपस्थित थे।






