लाइव खगड़िया : गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद शहर की सुरक्षा को लेकर स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया है। सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने शनिवार को नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 स्थित नगर सुरक्षा तटबंध के स्लुइश गेट का निरीक्षण किया। इस दौरान जल संसाधन विभाग के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण का मुख्य कारण स्थानीय लोगों द्वारा की गई वह शिकायत थी, जिसमें बताया गया था कि गंडक का जलस्तर बढ़ने से स्लुइश गेट के पास से पानी का रिसाव हो रहा है और पानी शहर के अंदर प्रवेश करने की आशंका बन गई है।

तत्काल कार्रवाई का निर्देश
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने मौके पर ही जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को तलब किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिया कि तटबंध और स्लुइश गेट की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने अपनी मौजूदगी में ही पानी के रिसाव को रोकने के लिए किए जा रहे सुरक्षा कार्यों को पूरा करवाया, जिससे स्थानीय लोगों ने बड़ी राहत की सांस ली।
सतर्कता बरतने की अपील
विधायक बबलू कुमार मंडल ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लगातार तटबंधों की निगरानी करें और जहां से भी रिसाव की सूचना मिले, वहां त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और बाढ़ या जलजमाव जैसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को पूरी तरह मुस्तैद रहना होगा।






