Breaking News
Poster 2026 05 19 090826 1

शहर को जलजमाव से मिलेगी स्थायी मुक्ति, ₹433.73 करोड़ की ड्रेनेज योजना को तकनीकी स्वीकृति

लाइव खगड़िया : शहर को दशकों पुरानी जलजमाव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की दिशा में एक सार्थक पहल सामने आया है। बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (BUIDCO) ने खगड़िया शहर में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम निर्माण योजना को तकनीकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। करीब 433 करोड़ 73 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना की मंजूरी के बाद से ही शहरवासियों में भारी हर्ष का माहौल है।

खगड़िया के सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि योजना को हरी झंडी मिल चुकी है और अब जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

विधानसभा से मुख्यमंत्री के दरबार तक की कोशिशें लाईं रंग

विधायक बबलू मंडल ने बताया कि खगड़िया शहर में जलजमाव एक ऐसी गंभीर समस्या बन चुकी थी, जिससे हर साल बारिश के मौसम में आम जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर जाता था। मुख्य सड़कों, बाजारों और रिहायशी मोहल्लों में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन, व्यापार और स्वास्थ्य संबंधी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

“इस जन समस्या की गंभीरता को देखते हुए मैंने इसे विधानसभा सत्र के दौरान प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर उन्हें खगड़िया की इस बदहाल स्थिति से विस्तार से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया था, जिसके परिणामस्वरूप आज इस बड़ी योजना को तकनीकी स्वीकृति मिल सकी है।”
बबलू कुमार मंडल, सदर विधायक

वैज्ञानिक तरीके से तैयार होगा आधुनिक ड्रेनेज नेटवर्क

विधायक के अनुसार, इस योजना के तहत पूरे शहर में वैज्ञानिक और आधुनिक तकनीक के आधार पर ड्रेनेज नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसके निर्माण से:
बरसात के पानी की त्वरित निकासी सुनिश्चित होगी।
सड़कों पर पानी जमा न होने से सड़कें लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगी।
जलजमाव के कारण फैलने वाली गंदगी और जलजनित बीमारियों (जैसे डेंगू, मलेरिया) पर रोक लगेगी।
शहर के समग्र विकास और स्वच्छता रैंकिंग में सुधार होगा

घोषणा नहीं, धरातल पर काम देखना लक्ष्य

सदर विधायक ने इसे खगड़िया के विकास में एक ‘ऐतिहासिक कदम’ बताते हुए कहा कि बढ़ती आबादी के अनुसार शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “मेरा लक्ष्य सिर्फ विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारना है। इसके लिए सरकार और विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है।”

साथ ही उन्होंने खगड़िया की जनता को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेलकूद से जुड़ी कई और बड़ी योजनाएं भी धरातल पर दिखाई देंगी। इस ड्रेनेज सिस्टम की मंजूरी के बाद अब खगड़िया वासियों में यह उम्मीद जगी है कि शहर को इस बार इस गंभीर समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।

Check Also

IMG 20260511 WA0025

खगड़िया को मिली 6.5 करोड़ के आधुनिक बस स्टैंड की सौगात, मील रोड अब ‘महाराजा अग्रसेन मार्ग’ के नाम से जाना जाएगा

खगड़िया को मिली 6.5 करोड़ के आधुनिक बस स्टैंड की सौगात, मील रोड अब 'महाराजा अग्रसेन मार्ग' के नाम से जाना जाएगा

error: Content is protected !!