लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के भरतखंड थाना क्षेत्र के खजरैठा नयाटोला में गुरुवार रात मामूली बात पर हुई दोस्तों की बहस ने खूनी मोड़ ले लिया। काली मंदिर परिसर में हुई चाकूबाजी की इस घटना में गंभीर रूप से घायल दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान खजरैठा निवासी गौरव कुमार (23, पिता- स्व. विनोद चौधरी) और अंकुर कुमार (22, पिता- पप्पू चौधरी) के रूप में हुई है।
मंदिर परिसर में हुआ था खूनी हमला
ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी सुमेश कुमार ने अपने दोनों मित्रों—गौरव और अंकुर—को किसी बात पर विवाद के बाद काली मंदिर परिसर में बुलाया और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिजन दोनों घायलों को तुरंत परबत्ता अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेगूसराय रेफर कर दिया। बेगूसराय ले जाने के दौरान रास्ते में अंकुर कुमार ने दम तोड़ दिया, जबकि गौरव कुमार की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।
परिवार में कोहराम और गांव में तनाव
इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में मातम पसरा है। गौरव कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी मौत के बाद उसकी मां सरिता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही भरतखंड थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुमेश कुमार और उसके पिता पंकज चौधरी समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
2019 की पुरानी वारदात की चर्चाएं तेज
इस दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों के बीच वर्ष 2019 की एक पुरानी आपराधिक वारदात की चर्चा भी फिर से शुरू हो गई है। 18 मार्च 2019 को इसी गांव में एक युवती सीमा कुमारी की कुदाल से काटकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में मृतका की मां ने आरोपी पंकज चौधरी पर ही गंभीर आरोप लगाए थे। वर्षों बाद उसी परिवार से जुड़े इस नए हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।






