मुख्य सामग्री पर जाएं
Recent

पांच महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों के लिए डीपीआर तैयार, 10 करोड़ से अधिक की योजनाओं को स्वीकृति का इंतजार

Poster 2026 09 01 055153

लाइव खगड़िया : जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। स्थानीय विधायक बबलू कुमार मंडल के प्रयासों से ग्रामीण कार्य विभाग ने जिले की पांच महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार कर स्वीकृति हेतु भेज दी है। इन योजनाओं को तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

प्रस्तावित इन सड़कों के बनने से सदर प्रखंड और मानसी समेत कई ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम होगा, जिससे किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

इन प्रमुख सड़क परियोजनाओं का तैयार हुआ डीपीआर

भदास पंचवटी चौक से बछौता सड़क: सदर प्रखंड के इस मार्ग के निर्माण के लिए लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये का डीपीआर तैयार किया गया है।

त्रिभुवन टोला-सौराय डीह सड़क: बखरी-खगड़िया पथ से त्रिभुवन टोला भाया सौराय डीह तक सड़क के लिए करीब 5 करोड़ 2 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है।

मथार पूर्वी टोला सड़क: पंचायत भवन से मथार पूर्वी टोला तक सड़क निर्माण पर लगभग 1 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत का अनुमान है।

मानसी क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कें: एनएच-31 बजरंगबली चौक से चुकती मानसी होते हुए आरईओ पथ तक के लिए 2 करोड़ 59 लाख रुपये तथा चुकती मानसी रोड से वॉटर वेज बांध तक पीसीसी सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 24 लाख रुपये का डीपीआर तैयार किया गया है।

विधायक के प्रयासों का मिला परिणाम

विधायक बबलू कुमार मंडल ने बताया कि क्षेत्र की जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर उन्होंने विभागीय मंत्रियों और उच्च अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा, जिसके परिणामस्वरूप इन योजनाओं को गति मिली है। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे से ही ग्रामीण इलाकों में आर्थिक और सामाजिक विकास को रफ्तार मिलती है।

साथ ही उन्होंने बताया कि तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासनिक औपचारिकताएं संपन्न कर निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा, जिससे वर्षों से बदहाल इन मार्गों से सफर करने वाले हजारों ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।

शेयर
error: Content is protected !!