मुख्य सामग्री पर जाएं
Recent

जलकर विवाद में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, झाड़ियों से शव बरामद

IMG 20260624 082723

लाइव खगड़िया : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोठिया स्थित महुआ पुल के समीप जलकर विवाद को लेकर एक अधेड़ की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार देर शाम झाड़ियों से मृतक का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान रहीमपुर सहनी टोला निवासी कैलू सहनी के 40 वर्षीय पुत्र रामबालक सहनी के रूप में हुई है।

साथी ने भागकर बचाई जान, दी पुलिस को सूचना

मिली जानकारी के अनुसार, रामबालक सहनी अपने साथी दामोदर सहनी के साथ रामचंद्र में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया और रामबालक की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान किसी तरह भागकर दामोदर सहनी ने अपनी जान बचाई और गांव पहुंचकर परिजनों व मुफस्सिल थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।

पुलिस की कार्रवाई और छानबीन

सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने चश्मदीद दामोदर सहनी की निशानदेही पर छापेमारी करते हुए महुआ पुल के समीप झाड़ियों से रामबालक का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने मंगलवार देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस चश्मदीद साक्षी दामोदर सहनी से पूछताछ कर रही है। उधर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही।

गांव में तनाव, आरोपियों की तलाश में छापेमारी

स्थानीय ग्रामीण रौशन कुमार ने बताया कि घटना के पीछे असली वजह जलकर का विवाद ही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पूरी जांच और प्रत्यक्षदर्शी के बयान दर्ज होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। घटना के बाद से ही गांव में शोक और भारी आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

शेयर
error: Content is protected !!