मुख्य सामग्री पर जाएं
परबत्ता

परबत्ता प्रखंड सीओ के निजी चालक की संदेहास्पद स्थिति में मौत, मुंह से निकल रहा था झाग, छह माह पहले हुई थी शादी

Poster 2026 08 14 045700

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र): जिले के परबत्ता प्रखंड की लगार पंचायत के हरिणमार गांव में परबत्ता अंचल अधिकारी (CO) के निजी चालक की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। मृतक 25 वर्षीय जनक कुमार गुप्ता (पिता: प्रमोद साह) बताया जाता है। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

ड्यूटी से लौटने के बाद बिगड़ी स्थिति

मिली जानकारी के अनुसार, जनक कुमार गुप्ता गुरुवार को प्रखंड कार्यालय में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद हरिणमार स्थित अपने घर लौटे थे। रात में भोजन करने के बाद वे सोने चले गए। शुक्रवार की सुबह जब परिजन उन्हें उठाने पहुंचे, तो वे बिस्तर पर अचेत अवस्था में पाए गए। उनके मुंह से झाग (फेन) निकल रहा था और उनका बायां हाथ नीला पड़ चुका था।

पुलिस और स्थानीय चर्चा

घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचे एसआई पिंकू कुमार ने स्थिति का जायजा लिया और बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी गर्म है कि रात में सोते समय किसी जहरीले सांप के काटने से उनकी मौत हुई होगी, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

छह माह पहले हुई थी शादी

परिजनों के मुताबिक, जनक कुमार गुप्ता की शादी महज छह महीने पहले ही मुंगेर जिले के लोवागढ़ी में हुई थी। इस घटना के बाद उनकी पत्नी शिवानी कुमारी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे हरिणमार गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

शेयर
error: Content is protected !!