लाइव खगड़िया: मानसी- सहरसा रेल खंड के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। वहीं समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन (संख्या 63344) के इंजन और उससे जुड़ी तीन बोगियों में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
गहरी नींद में थे यात्री, मची अफरा-तफरी
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 3 बजे की है। जब ट्रेन सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची, तो अचानक उसके इंजन से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तीन बोगियों को अपनी चपेट में ले लिया।
जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक मची चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए बिना देर किए तुरंत ट्रेन से उतरना शुरू कर दिया। समय रहते सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ (RPF), स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकल कर्मियों और सुरक्षाबलों की करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। इस दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए रेल परिचालन बाधित रहा, जिसे सुबह 6 बजे के बाद सामान्य कर लिया गया। फिलहाल, रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रेन में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।






