मुख्य सामग्री पर जाएं
परबत्ता

सेना के जवान के सूने घर से चोरों ने उड़ाए सोने-चांदी के आभूषण, परबत्ता थाना में प्राथमिकी दर्ज

IMG 20260811 WA0049

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र): जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के सलारपुर वार्ड नंबर-09 निवासी सेना के जवान के घर से अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। पीड़ित जवान ने मामले को लेकर परबत्ता थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

पठानकोट में पदस्थापित हैं जवान

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित आशीष सुमन वर्तमान में भारतीय सेना में कार्यरत हैं और उनकी पदस्थापना पठानकोट में है। उनके पिता गत 3 जुलाई 2026 को परिवार के साथ हरियाणा गए थे, जिससे घर पर ताला बंद था। सुरक्षा के मद्देनजर घर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे।

सीसीटीवी कैमरा बंद होने पर हुआ खुलासा

घटना का खुलासा तब हुआ जब 26 जुलाई को करीब दिन के 10 बजे घर का सीसीटीवी कैमरा अचानक बंद हो गया। संदेह होने पर जवान के पिता ने अपने फुफेरे भाई को फोन कर स्थिति देखने के लिए घर भेजा। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि घर के अंदर रखी गोदरेज की अलमारी का ताला टूटा हुआ है और सामान बिखरा पड़ा है।

छुट्टी पर घर पहुंचे जवान ने की मिलान

घटना की सूचना मिलने पर सेना के जवान आशीष सुमन गत 30 जुलाई को छुट्टी लेकर अपने घर पहुंचे। घर आकर जब उन्होंने अलमारी की जांच की, तो उसमें रखे कई कीमती आभूषण गायब मिले।

चोरी गए प्रमुख सामान

सोने का जितिया और मंगलसूत्र (दो पीस)
सोने की सिकड़ी, कान का टॉप और टीका
सोने की अंगूठी, नथ और चकती
चांदी की चोटी और चांदी की पायल सहित अन्य कीमती सामान

पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित ने अपने स्तर से भी चोरों का सुराग लगाने का काफी प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने पर उन्होंने परबत्ता थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ आवेदन दिया। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है। इस दुस्साहसिक चोरी की घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।

टैग:
शेयर करें
शेयर
error: Content is protected !!