लाइव खगड़िया: जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-107 पर उसराहा गांव के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान
नीरज कुमार: सकरोहर पंचायत के पिपरा बासा (वार्ड नंबर 13) निवासी और पूर्व वार्ड सदस्य चन्देश्वर सिंह के छोटे पुत्र।
नीतीश कुमार: पिपरा बासा निवासी पंकज सिंह के पुत्र।
रुपेश कुमार उर्फ काजू कुमार (लगभग 30 वर्ष): बेलदौर नगर पंचायत के वार्ड आठ निवासी महादेव शर्मा के पुत्र।
परिवार का इकलौता सहारा थे रुपेश
मृतक रुपेश कुमार उर्फ काजू अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे और टेंट हाउस में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में पत्नी चंदा कुमारी, मां सविता देवी के अलावा दो छोटे मासूम पुत्र—चार वर्षीय युवराज और तीन वर्षीय लवकुश कुमार हैं।
अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय वार्ड सदस्य सोनू कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से तीनों घायलों को एम्बुलेंस में भिजवाया।
वार्ड सदस्य सोनू कुमार ने बताया कि नीरज कुमार की मौत एम्बुलेंस में बैठाते ही हो गई थी। नीतीश कुमार ने करुआ मोड़ के पास दम तोड़ दिया। जबकि रुपेश कुमार उर्फ काजू की मौत महेशखूंट पहुंचते-पहुंचते हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लिया। फिलहाल तीनों शवों का पोस्टमार्टम खगड़िया सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।






