लाइव खगड़िया: खगड़िया रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया, जहाँ सतर्कता और तत्परता का परिचय देते हुए आरपीएफ (RPF) के एक जवान ने चलती ट्रेन से उतर रही महिला और उसकी बच्ची की जान बचा ली। इस पूरी घटना का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की रहने वाली 25 वर्षीय रेनू देवी और उनके पति सोमपाल (जो उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले हैं) को खगड़िया रेलवे स्टेशन से जनसेवा एक्सप्रेस (सीतापुर जाने के लिए) पकड़नी थी। लेकिन गलती से वे लोग डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हो गए।
जैसे ही ट्रेन अपनी निर्धारित ठहराव के बाद खगड़िया रेलवे स्टेशन से खुली, यात्रियों को अपनी गलती का अहसास हुआ। इसके बाद बिना सोचे-समझे, महिला ने अपनी गोद में छोटी बच्ची और पति के साथ चलती ट्रेन से ही प्लेटफार्म पर छलांग लगा दी। हड़बड़ी और लापरवाही के कारण यह भयानक हादसा हो गया।
आरपीएफ जवान फरिश्ता बनकर आए सामने
प्लेटफार्म संख्या-1 पर तैनात आरपीएफ के जवान रमेश तिवारी ने जैसे ही महिला को गोद में बच्ची के साथ चलती ट्रेन से कूदते और गिरते देखा, उन्होंने बिना एक पल गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना दौड़ लगा दी। जवान ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए महिला को अपनी तरफ खींच लिया, जिससे वे ट्रेन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गईं।
इस घटना में महिला और बच्ची सुरक्षित बच गए, हालांकि महिला के पति सोमपाल के सिर में चोटें आई हैं। आरपीएफ जवानों की इस त्वरित कार्रवाई और साहसी कार्य की हर तरफ सराहना हो रही है।
घटना एक सबक
यह घटना तमाम रेल यात्रियों के लिए एक बड़ा सबक है कि चलती ट्रेन से उतरने या चढ़ने की गलती कभी न करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। अगर गलती से गलत ट्रेन में सवार हो जाएं, तो अगली स्टेशन पर उतरकर सुरक्षित सफर तय करें, न कि अपनी जान को जोखिम में डालें।






