मुख्य सामग्री पर जाएं
खगड़िया

प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने करवाई पति की हत्या, खगड़िया कनेक्शन वाले मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

IMG 20260808 WA0008

लाइव खगड़िया: प्रेमी के साथ मिलकर पति का अपहरण कर हत्या करने के सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। इस मामले में नवगछिया पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश का मुख्य केंद्र खगड़िया जिला रहा है।

खगड़िया के पंकज से था अवैध संबंध

मृतक उमेश शर्मा के पिता कमलेश्वरी शर्मा ने नवगछिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहू अनिता देवी का खगड़िया जिले के बंदीहरा निवासी पंकज कुमार शर्मा के साथ प्रेम संबंध था। इसी प्रेम प्रसंग के चलते अनिता ने अपने प्रेमी पंकज और उसके सहयोगियों के साथ मिलकर पति उमेश शर्मा की हत्या की साजिश रची थी। बताया जा रहा है कि प्रेमिका के पति की हत्या करने के लिए मुख्य आरोपी पंकज हवाई जहाज से पूर्णिया पहुंचा था।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

पुलिस जांच के दौरान नवगछिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें उमेश शर्मा दोनों आरोपियों के साथ जाते दिखे। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र के मलकिन घाट से उमेश शर्मा का शव बरामद किया।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी, मुख्य साजिशकर्ता की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की पत्नी अनिता देवी, मु इरफान (साहेबगंज, भागलपुर) और मु सोहेल (घोरघाट, सुल्तानगंज) शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी सोहेल और पंकज हैदराबाद में मजदूरी करते थे, जहां दोनों की पहचान हुई थी। फिलहाल, पुलिस मुख्य आरोपी पंकज कुमार शर्मा की गिरफ्तारी के लिए खगड़िया और अन्य संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

शेयर
error: Content is protected !!