लाइव खगड़िया : हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण फैक्ट्री हादसे में बिहार के खगड़िया जिले अंतर्गत परबत्ता प्रखंड के बैसा गांव निवासी एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
धमाके के साथ ढह गई दो मंजिला इमारत
मिली जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट नंबर-2224 स्थित क्लासिक कोल प्राइवेट लिमिटेड नामक फैक्ट्री में शुक्रवार को अचानक बॉयलर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास का पूरा इलाका दहल उठा। हादसे के वक्त फैक्ट्री में केमिकल और ग्लू (गोंद) बनाने का काम चल रहा था, जिससे आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया।
आग की तीव्रता और विस्फोट के दबाव के कारण दो मंजिला फैक्ट्री की छत (लेंटर) भरभराकर ढह गई। मलबे के नीचे कई मजदूर दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद मलबे को हटाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
मलबे से निकाला गया शैलेश का शव
इस दर्दनाक हादसे में जिले के परबत्ता प्रखंड के मड़ैया सहायक थाना क्षेत्र अंतर्गत बैसा गांव निवासी लखनलाल यादव के पुत्र शैलेश कुमार की मौत हो गई। शैलेश उसी कंपनी में बतौर मजदूर कार्यरत था और हादसे के वक्त ड्यूटी पर तैनात था।
परिजनों में कोहराम: बताया जा रहा है कि शैलेश अपनी पत्नी अमृता कुमारी और एक छोटी बच्ची के साथ हरियाणा में ही रहकर गुजर-बसर कर रहा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही पत्नी और मासूम बच्ची पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गांव में मातमी सन्नाटा, मुआवजे की मांग
शैलेश की मौत की खबर मिलते ही उसके पैतृक गांव बैसा में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मुखिया प्रतिनिधि शिव यादव समेत कई स्थानीय ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाया और गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित कंपनी से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता राशि देने की मांग की है।






