लाइव खगड़िया : जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-31 स्थित सपहा ढाला के समीप रविवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित ऑटो ने आगे चल रहे ट्रैक्टर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो सवार एक यात्री की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर में पीछे से घुसा ऑटो
मिली जानकारी के अनुसार, एनएच-31 पर एक ट्रैक्टर तेज गति से आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान सपहा ढाला के पास अचानक ऑटो चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ऑटो सीधे ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे यात्री लहूलुहान होकर अंदर ही फंस गए।
परबत्ता के अधेड़ की मौत, भतीजे सहित तीन घायल

इस हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के कन्हैयाचक निवासी 45 वर्षीय कुंदन कुमार मिश्र के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में मृतक का भतीजा आदर्श मिश्र, मुंगेर जिले का रहने वाला अभिनव कुमार और ऑटो चालक मोहम्मद इरसाद शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। बताया जाता है कि सभी ऑटो में सवार होकर खगड़िया की ओर आ रहे थे, तभी सपहा ढाला के पास अचानक से यह हादसा हो गया।
जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही महेशखूंट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक व घायलों के परिजनों को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। बहरहाल पुलिस मामले की जांच- पड़ताल में जुटी हुई है।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
