लाइव खगड़िया : जिले के गंगौर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार दोपहर बच्ची का शव गांव के ही एक खेत से बरामद किया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगौर थाना क्षेत्र के एक गांव की 4 वर्षीय बच्ची मंगलवार की शाम करीब 4:00 बजे अपने घर के पास से अचानक लापता हो गई थी. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो रात करीब 10:00 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
ड्रोन कैमरे से हुई तलाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) खगड़िया के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। बुधवार सुबह से ही पुलिस बल और तकनीकी टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सघन तलाशी के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली गई।
तलाशी के दौरान दोपहर करीब 12:00 बजे, घर से मात्र 500 मीटर की दूरी पर एक सरसों के खेत में बच्ची का शव बरामद हुआ।

पुलिस की कार्रवाई
शव मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया। साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
”पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” — गंगौर थाना पुलिस
फिलहाल इस घटना के बाद से गांव में मातम है और साथ ही कई तरह की चर्चाएं भी. बहरहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।






