मुख्य सामग्री पर जाएं
परबत्ता

बाढ़ के पानी में स्नान करने के दौरान डूबे 9 लोगों की बची जान, आपदा मित्रों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

IMG 20260914 WA0014 Scaled

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र): जिले के परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की सुरक्षा के मोर्चे पर तैनात आपदा मित्रों की टीम ने एक बार फिर बड़ी बहादुरी दिखाते हुए डूब रहे नौ लोगों की जान बचा ली है। रविवार को चौर-गौरा, तीज और गणेश चतुर्थी के अवसर पर विभिन्न नए घाटों पर स्नान करने पहुंचे लोग पानी के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गए थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

ऋषि कुमार की अध्यक्षता में चलाया गया बचाव अभियान

मिली जानकारी के अनुसार, ऋषि कुमार की अध्यक्षता में आपदा मित्रों की टीम प्रखंड के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में लगातार सक्रिय है। त्योहारों के मौके पर घाटों पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच अलग-अलग स्थानों पर लोग खतरे में पड़ गए थे। मौके पर मुस्तैद आपदा मित्रों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए त्वरित बचाव अभियान चलाया और सभी नौ लोगों को सकुशल पानी से बाहर निकाला।

प्रशासन की अपील और आपदा मित्रों की मांग

घटना के बाद आपदा टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के संवेदनशील घाटों पर लगातार निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया है। टीम ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अपरिचित घाट पर स्नान करने से बचें और बच्चों को बाढ़ के पानी के पास अकेले बिल्कुल न जाने दें।

इस जोखिमपूर्ण और सराहनीय बचाव कार्य को अंजाम देने वाले आपदा मित्रों ने सरकार से मांग की है कि उनके इस सेवाभाव को देखते हुए स्थायी एवं नियमित मानदेय के साथ-साथ आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।

इस रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल प्रमुख आपदा मित्रों में सूरज, रितेश, अमृत, नितिश, श्रवण, नारायण, सुरेश, अमरेश, रामरूप, कृष्णा, शिवेश, पंकज, ब्रजेश, रोशन, राजा और प्रशांत शामिल रहे।

शेयर
error: Content is protected !!