लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत भरसो पंचायत के बंधकट्टा के समीप सोमवार को बाढ़ के पानी में स्नान करने के दौरान डूबने से दो सगे किशोर भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान कोलवारा पंचायत के तेलियाबथान गांव निवासी इतवारी मंडल के 14 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार और 15 वर्षीय पुत्र जय जय कुमार के रूप में हुई है। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
कैसे हुई घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, तेलियाबथान गांव के कुछ लोग बंधकट्टा के समीप स्नान कर रहे थे। इसी दौरान गोविंद कुमार और उसका भाई जय जय कुमार भी पानी में उतर गए। बताया जा रहा है कि स्नान करने के क्रम में गोविंद अचानक गहरे पानी में चले गया और डूबने लगा। अपने भाई को डूबता देख उसे बचाने के प्रयास में जय जय कुमार भी गहरे पानी में पहुंच गया। इसी दौरान दोनों तेज धार की चपेट में आ गए और गहरे पानी में समा गए।
आधे घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों, गोताखोरों और आपदा मित्रों ने फौरन राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को पानी से बाहर निकाला गया। सौढ़ उत्तरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि उमेश सिंह और अंचल अधिकारी (CO) हरिनाथ राम के सहयोग से दोनों को वाहन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, परबत्ता पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. आशुतोष कुमार ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में उमड़ी भीड़, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। एक साथ घर के दो चिरागों के बुझ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान
घटना की सूचना मिलते ही गोगरी अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) संजय कुमार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परबत्ता पहुंचे। उन्होंने सरकारी प्रावधानों के तहत मृतक के पिता को 4-4 लाख रुपये (कुल 8 लाख रुपये) का मुआवजा चेक प्रदान किया।

इस मौके पर गोगरी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) चंदन कुमार ठाकुर, सीओ हरिनाथ राम, जिला परिषद सदस्य जयप्रकाश यादव, विधायक प्रतिनिधि ई. सौरभ कुमार और मुखिया प्रतिनिधि उमेश सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
परबत्ता थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष सुमंत कुमार चौधरी ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पसराहा थाना पुलिस को सुपुर्द किया। इसके बाद पसराहा थाना पुलिस ने दोनों सगे भाइयों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।






