मुख्य सामग्री पर जाएं
गोगरी

फर्जी IAS अधिकारी गिरफ्तार, लग्जरी गाड़ियां और भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद

Poster 2026 08 09 124937

लाइव खगड़िया: जिले के गोगरी थाना क्षेत्र से पुलिस ने खुद को आईएएस (IAS) अधिकारी बताकर ठगी करने और समाज में धौंस जमाने वाले एक फर्जी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से विदेशी शराब, लग्जरी वाहन और कई अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किए हैं।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर का रहने वाला मनीष गुप्ता अपनी प्राइवेट गाड़ी पर ‘Govt. Of India’ का साइन बोर्ड लगाकर और खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों के साथ ठगी करता है तथा समाज में दहशत व दबंगई पैदा करता है। इस सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए खगड़िया पुलिस ने छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान आरोपी की पहचान मनीष कुमार उर्फ मनीष कुमार गुप्ता (पिता- परमेश्वर प्रसाद गुप्ता, साकिन- जमालपुर बाजार, थाना- गोगरी, जिला- खगड़िया) के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने मोबाइल पर सेंट्रल सतर्कता आयोग अंकित एक आईडी कार्ड दिखाया और खुद को भारतीय सुरक्षा प्रमुख अजीत डोभाल के अंडर कवर एजेंट के रूप में बताने लगा, जो प्रथम दृष्टया फर्जी पाया गया।

तलाशी में हुआ बड़ा खुलासा

मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने जब उक्त व्यक्ति और उसके घर की विधिवत तलाशी ली, तो वहां से भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद हुआ:

विदेशी शराब: कुल 31.240 लीटर विदेशी शराब और बियर।
वाहन: टेस्ला कंपनी और टाटा सफ़ारी की चार पहिया गाड़ियां, जिन पर ‘Govt. Of India’ का बोर्ड लगा हुआ था।
इलेक्ट्रॉनिक्स: एप्पल कंपनी के 5 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप और एक 4TB हार्ड डिस्क।
बैंक कार्ड व दस्तावेज: विभिन्न बैंकों के 20 क्रेडिट कार्ड, 8 डेबिट कार्ड, 4 चेकबुक और आईएएस व केंद्रीय सतर्कता आयोग से जुड़े फर्जी परिचय पत्र।
अन्य: बारहसिंगा के दो सींग।

दर्ज किए गए मामले

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोगरी थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं:
कांड संख्या- 286/26 (दिनांक- 09.08.2026): धारा 212, 213, 318(2), 340(2), 336(3), 319(2) BNS एवं 39/49 वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट 1972 के तहत।
कांड संख्या- 287/26 (दिनांक- 09.08.2026): बिहार मध निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 की धारा 30(a) के तहत।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में गोगरी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार और डीआईयू (DIU) टीम समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

शेयर
error: Content is protected !!