लाइव खगड़िया: जिले के गोगरी नगर परिषद क्षेत्र के उसरी गांव की बेटी सुरभि कुमारी ने असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रौशन किया है। सुरभि हिंदी विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर बनी हैं और उन्हें बीएन मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा अलॉट किया गया है, जहां वे जल्द ही अपनी सेवाएं देंगी।
शैक्षणिक सफर
सुरभि की प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही मध्य विद्यालय उसरी से हुई। इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की और आगे की पढ़ाई के लिए बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) गईं। बीएचयू से ही उन्होंने अपनी उच्चतर शिक्षा पूरी करने के साथ-साथ नेट, जेआरएफ और एसआरएफ की परीक्षा भी उत्तीर्ण की।
परिवार का मिला सहयोग
सुरभि की इस सफलता के पीछे उनके परिवार का अहम योगदान रहा है। उनके पिता दीपक कुमार यादव (उसरी गांव निवासी) और माता स्वर्णप्रभा कनक (जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय समसपुर, महेशखूंट की शिक्षिका) के अलावा उनके भाइयों—मुकुल मयंक और मुदित मयंक—ने उनके हौसले को हमेशा बढ़ावा दिया। माता-पिता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए सुरभि ने अंततः असिस्टेंट प्रोफेसर की बहाली में सफलता हासिल कर ली।
क्षेत्र में खुशी की लहर
सुरभि की इस उपलब्धि पर गोगरी नगर परिषद अध्यक्ष रंजीता कुमारी निषाद, उच्च माध्यमिक शिक्षक अटल बिहारी, शंकर यादव, संजय यादव, संजय भगत, रमण कुमार, रतन कुमार, परमानंद यादव समेत कई ग्रामीणों ने उन्हें बधाई दी है। इसके अलावा उनके मामा अधिवक्ता अमरीश कुमार और मामी सह प्रधान शिक्षक रंजना कुमारी ने भी उनकी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।






