लाइव खगड़िया : जिले के गोगरी थाना क्षेत्र की छोटी चक में 25 वर्षीय महिला अंचल अमीन बरखा रानी की आत्महत्या के मामले में मृतका के परिजनों ने बड़ा आरोप लगाया है। मृतका के पिता के आवेदन पर गोगरी अंचल के तत्कालीन राजस्व कर्मचारी रत्नेश कुमार और उसके पिता को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुसाइड से पहले प्रेमिका से हुई थी लंबी वीडियो कॉल
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मृतका के पिता विभूति भूषण ने बताया कि जब उन्होंने अपनी पुत्री के मोबाइल फोन की जांच की, तो पता चला कि उसने सुसाइड करने से पहले गोगरी अंचल में पदस्थापित तत्कालीन राजस्व कर्मचारी रत्नेश कुमार के साथ रात्रि 10:35 बजे से 14 मिनट तक वीडियो कॉल पर बात की थी। दोनों के बीच अक्सर ऑडियो-वीडियो कॉल और चैट होती थी, हालांकि कई चैट्स डिलीट भी मिले हैं। पिता का आरोप है कि रत्नेश कुमार उनकी बेटी को लगातार सुसाइड करने के लिए प्रेरित करता था। कुछ दिन बाद रत्नेश शादी के लिए राजी हो गया था, लेकिन बाद में वह अपनी बात से मुकर गया।
दहेज में 21 लाख और चारपहिया वाहन मांगने का आरोप
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पिता ने आरोप लगाया है कि 30 जुलाई की सुबह उन्हें जानकारी मिली कि उनकी बेटी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब मृतका के मोबाइल की जांच की गई, तो उसमें रत्नेश से बात हुई थी।
पिता का आरोप है कि शादी की बात तय होने के बाद रत्नेश कुमार और उसके पिता द्वारा 21 लाख रुपये एवं चार पहिया वाहन की मांग की गई। दहेज न देने पर वे शादी से मुकर गए और जाति का हवाला देने लगे। इसके बाद पुत्री मानसिक तनाव में रहने लगी। इसी दौरान रत्नेश कुमार का तबादला हो गया, जिसके बाद मृतका और रत्नेश के बीच रोजाना विवाद होने लगा।
पुलिस बोली- जल्द होगा मामले का खुलासा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया है कि पुलिस टीम ने प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है और कॉल डिटेल्स को खंगाला जा रहा है। पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं तथा मामले की जांच चल रही है। जल्द ही इस पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।






