लाइव खगड़िया : जिले के गोगरी प्रखंड अंतर्गत बलतारा पंचायत के कन्हौली गांव में गुरुवार की सुबह वज्रपात (ठनका) की एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। खेत में मक्के की कटनी के दौरान अचानक गिरे ठनके की चपेट में आने से पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए।
कैसे घटी घटना?
मिली जानकारी के अनुसार, कन्हौली गांव के बहियार (खेत) में गुरुवार सुबह करीब एक दर्जन ग्रामीण मक्के की फसल काटने में जुटे थे। इसी बीच अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज गर्जन के साथ बारिश शुरू हो गई। ग्रामीण जब तक बारिश से बचने के लिए किसी सुरक्षित स्थान की तलाश करते, तब तक कड़कड़ाहट के साथ सीधे उनके ऊपर वज्रपात हो गया।
हताहतों का विवरण
मृतक: आशुतोष यादव, उनका 8 वर्षीय मासूम पुत्र और विद्यानंद यादव। (तीनों की मौके पर ही मौत हो गई)।
घायल: इस हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं।



परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना में पिता और उनके इकलौते मासूम बेटे की एक साथ मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। कुछ मिनट पहले तक जो हंसता-खेलता परिवार खेत में काम कर रहा था, वहां अब सिर्फ चीख-पुकार बची है।
घायल खतरे से बाहर
ग्रामीणों की तत्परता से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। मिली जानकारी के अनुसार दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है और उनका इलाज जारी है।
उधर हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की।
मुआवजे की मांग
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सरकार से आपदा राहत कोष के तहत मृतकों के आश्रितों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा राशि देने की मांग की है।
बेलदौर में भी वज्रपात से दो के मौत की खबर
दूसरी तरफ जिले के बेलदौर प्रखंड से भी ठनका की चपेट में आने से दो लोगों के मौत की सूचना मिल रही है। घटना इतमादी और डुमरी का बताया जा रहा है।






