लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : नगर परिषद गोगरी-जमालपुर वासियों को जल्द ही सालों पुरानी जलजमाव की गंभीर समस्या से स्थाई राहत मिलने जा रही है। परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य की बड़ी पहल पर बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) ने क्षेत्र के लिए एक व्यापक स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज प्लान तैयार कर लिया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विस्तृत कार्य योजना (DPR) को ₹2,37,69,22,000 (दो सौ सैंतीस करोड़ उनहत्तर लाख बाइस हजार रुपये) की लागत पर तकनीकी अनुमोदन (Technical Sanction) दे दिया गया है।
बुडको के प्रबंध निदेशक अभिषेक कुमार पराशर ने नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार को पत्र भेजकर इस योजना की प्रशासनिक स्वीकृति देने का अनुरोध किया है। विभाग से हरी झंडी मिलते ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।
तीन स्तरों पर बनेगी ड्रेनेज प्रणाली
परियोजना के तहत शहर में पानी की सुचारू निकासी के लिए मुख्य (प्राइमरी), सेकेंडरी और टर्शियरी (तीसरे स्तर की) नालियों का जाल बिछाया जाएगा। इस पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर पर कुल ₹237 करोड़ 69 लाख 21 हजार 401 खर्च होने का अनुमान है:
प्राथमिक (मुख्य) ड्रेन: इसकी कुल लंबाई 16,581 मीटर होगी, जिस पर करीब ₹60.57 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
सेकेंडरी ड्रेन: इसकी लंबाई 39,482 मीटर प्रस्तावित है, जिस पर ₹92.80 करोड़ की लागत आएगी।
टर्शियरी ड्रेन: मोहल्लों को जोड़ने वाली इन नालियों की लंबाई 43,670 मीटर होगी, जिसके निर्माण पर ₹63.20 करोड़ खर्च होंगे।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे दो पंप हाउस
बरसात के दिनों में भारी बारिश के दौरान भी जलनिकासी व्यवस्था ठप न हो, इसके लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। योजना के अंतर्गत दो हाई-टेक पंप हाउस बनाए जाएंगे। इसके अलावा:
# ड्रेजिंग एवं डी-सिल्टिंग (गाद सफाई) का कार्य किया जाएगा।
# सम्प वेल, भारी क्षमता वाले मोटर पंप और ऑपरेटर रूम का निर्माण होगा।
# सुचारू संचालन के लिए बाहरी विद्युत (बिजली) व्यवस्था भी दुरुस्त की जाएगी।
5 वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी
इस परियोजना की खास बात यह है कि इसमें निर्माण के साथ-साथ अगले पांच वर्षों तक ड्रेनेज सिस्टम के संचालन एवं रखरखाव (O&M) का खर्च भी शामिल किया गया है, ताकि भविष्य में कोई तकनीकी खराबी न आए।
मजबूत होगी शहरी आधारभूत संरचना
विधायक बाबूलाल शौर्य की इस पहल की सराहना करते हुए अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के धरातल पर उतरने से गोगरी-जमालपुर नगर परिषद क्षेत्र की शहरी आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलेगी। मॉनसून के दौरान होने वाले जलजमाव और उससे जनजीवन को होने वाली परेशानियों का स्थाई अंत हो सकेगा। स्थानीय नागरिकों ने भी इस बड़ी सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त की है।






